‘ये क्या बेवकूफी है, अच्छा हुआ मैं देखने आ गया…’, हॉस्पिटल का निर्माण कार्य देखकर भड़के रतलाम कलेक्टर, लगा दी क्लास
रतलाम कलेक्टर ने किया सिविल अस्पताल का निरीक्षण
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से सिविल अस्पताल के निर्माण में गड़बड़ी का मामला सामने आया है. निर्माणाधीन सिविल अस्पताल का निरीक्षण करने कलेक्टर अजय कटेसरिया पहुंचे. उन्होंने अस्पताल का मैप मंगवाया और मौजूद अधिकारियों से मरीजों के लिए लगाई जाने वाली लिफ्ट को लेकर सवाल पूछ लिए. इस पर वहां मौजूद अधिकारी सन्न रह गए.
लापरवाही बरतने पर लगा दी क्लास
अधिकारी ने जो जानकारी कलेक्टर को दी उससे वह संतुष्ट नहीं हुए और लापरवाही बरतने पर अधिकारियों का क्लास लगा दी. कलेक्टर ने सिविल अस्पताल में अधिकारियों को फटकारते हुए कहा कि ये क्या बेवकूफी है यार. ये तो अच्छा हुआ कि मैं यहां निर्माण कार्य देखने आ गया. कलेक्टर का गुस्सा देखकर मौके पर मौजूद अधिकारी एकदम सन्न रह गए.
इसको बनाकर क्या करोगे-कलेक्टर अजय कटेसरिया
लिफ्ट को लेकर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने पूछा कि इसको बनाकर क्या करोगे. लोग इस लिफ्ट में कहां से चढ़ेंगे. उन्होंने कहा कि खाली लिफ्ट से काम नहीं चलेगा, हमें मरीजों के लिए एक-दो लिफ्ट और देनी पड़ेगी. इसके बाद मौके पर मौजूद अधिकारी कलेक्टर को दो बड़े साइज के लिफ्ट होने की जानकारी मैप पर ही देते हैं.
अस्पताल के डिजाइन में कई खामियां
इस पर कलेक्टर ने कहा कि इसका कोई मतलब नहीं है. बड़े साइज की ये लिफ्ट तो फेज टू को कनेक्ट करने के लिए हैं. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के डिजाइन में कई खामियां पाईं. इसके बाद फटकार लगाई है. गौरतलब है कि रतलाम सिविल अस्पताल का निर्माण काम तेजी से किया जा रहा है. इसे मार्च 2027 तक कंप्लीट करने का टारगेट सेट किया गया है.
ये भी पढ़ें: ‘कैसे मिलेगी डीएपी की बोरी…’, एमपी में खाद की किल्लत से परेशान किसान पंडा से पूछ रहे मुहूर्त