शुजालपुर में दिवाली की सुबह खूनी संघर्ष, कब्रिस्तान की जमीन को लेकर चले हथियार, 20 घायल, 39 पर FIR दर्ज

Shujalpur News: घटना शुजालपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम टपका बसंतपुर की है. बताया जा रहा है कि गांव में पौने दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. एक पक्ष का कहना है कि यह जमीन कब्रिस्तान की है. वहीं दूसरा पक्ष इस जमीन को अपनी बताता है.
shajapur

शुजालपुर

Shujalpur News: त्योहार की खुशियों वाली दिवाली की सुबह शुजालपुर में खून-खराबे में बदल गई. कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच ऐसा खूनी संघर्ष हुआ कि पूरा गांव दहल गया. पथराव हुआ, हथियार चले और देखते ही देखते करीब 20 लोग घायल हो गए. घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है.

क्या है पूरा मामला ?

यह घटना शुजालपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम टपका बसंतपुर की है. बताया जा रहा है कि गांव में पौने दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. एक पक्ष का कहना है कि यह जमीन कब्रिस्तान की है. वहीं दूसरा पक्ष इस जमीन को अपनी बताता है.

विवाद ने हिंसक रूप ले लिया

दिवाली की सुबह इसी जमीन को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ. आरोप है कि इस दौरान धारदार हथियार भी चले. गांव में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपने घरों में छिप गए. कुछ देर तक गांव में पत्थरबाजी चलती रही.

दोनों पक्षों के करीब 20 लोग घायल

घटना में दोनों पक्षों के करीब 20 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को शुजालपुर सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया है. अस्पताल में घायलों के परिजनों की भीड़ लगी हुई है.

शुजालपुर सिविल अस्पताल में उपचार करा रहे घायल सलामुद्दीन ने बताया कि दूसरा पक्ष दस्तावेजों में हेराफेरी करके कब्रिस्तान की जमीन को अपनी जमीन बताने की कोशिश कर रहा है. उनका आरोप है कि कब्रिस्तान की जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था. वहीं दूसरे पक्ष ने भी पहले पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जमीन हड़पने का आरोप लगा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.

ज़रूर पढ़ें