Ujjain News: उज्जैन की श्रीकृष्ण कॉलोनी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय छात्र विधान कुशवाहा की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि स्कूल जाने के लिए बस पकड़ते समय उसे अचानक कार्डियक अरेस्ट आया और वह जमीन पर गिर पड़ा. परिवार के इकलौते बेटे की अचानक मौत से घर के साथ पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
बस पकड़ने के दौरान अचानक गिरा छात्र
विधान कक्षा 10वीं में पढ़ता था. सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था. उसकी मां आशा उसे छोड़ने के लिए अंकपात रोड तक साथ गई थीं. इसी दौरान कुछ दूरी पर स्कूल बस खड़ी थी. विधान बस तक पहुंचने के लिए दौड़ा, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर गिर गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान
विधान के गिरते ही आसपास मौजूद लोग और परिजन उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जानकारी में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई जा रही है.
15 साल पहले मां को खोया था
विधान ने करीब 15 साल पहले अपनी मां कविता को खो दिया था. बताया गया कि निधन से पहले कविता ने अपने दूधमुंहे बेटे को उसके जेठ संजय कुशवाहा और जेठानी आशा को सौंप दिया था. संजय और आशा की कोई संतान नहीं थी, इसलिए दोनों ने विधान को अपने सगे बेटे की तरह पाला और उसकी परवरिश की.
पढ़ाई के साथ खेलों में भी था आगे
विधान पढ़ाई में अच्छा होने के साथ खेलों में भी रुचि रखता था. वह टेबल टेनिस और दौड़ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेता था और कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कार भी जीत चुका था. उसकी अचानक मौत की खबर से स्कूल के छात्र, शिक्षक और कॉलोनी के लोग स्तब्ध हैं.
दोपहर में किया गया अंतिम संस्कार
वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद गजेंद्र हिरवे ने बताया कि विधान पढ़ाई और खेलकूद दोनों में आगे था. मोहल्ले में भी उसकी अच्छी पहचान थी. परिवार के इस होनहार बेटे का सोमवार दोपहर अंतिम संस्कार किया गया.
ये भी पढे़ं- ‘हमने शादी कर ली…’, उज्जैन में युवती के अपहरण के बाद सामने आया वीडियो, बोली- मैं अपनी मर्जी से गई थी
