पैक ड्रिंकिंग वाटर के जरिए जिंदगी से खिलवाड़! हिमालय ब्रांड की पानी बोतल यूनिट में अनियमितता, मऊगंज में प्रशासन ने किया सील

टीम को मौके पर लाइसेंस, वॉटर टेस्टिंग लैब, टेस्टिंग रिपोर्ट सहित अन्य जरूरी कागजात नहीं मिले, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है.
The administration sealed the water bottling unit after irregularities were found at the plant.

प्लांट पर अनियमितता मिलने पर पानी बोतल यूनिट को प्रशासन ने सील किया.

Mauganj News: मऊगंज जिले में भीषण गर्मी के बीच पेयजल की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन ने गुणवत्ता को लेकर सख्ती बढ़ा दी है. कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर गठित राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा की संयुक्त टीम ने खटखरी क्षेत्र में संचालित एक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर यूनिट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया.

निरीक्षण में खुली लापरवाही की पोल!

जांच के दौरान केके इंडस्ट्रीज (हिमालय ब्रांड) पानी बोतल यूनिट में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. यूनिट परिसर में फर्म का बोर्ड तक नहीं लगा था और संचालन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे. टीम को मौके पर लाइसेंस, वॉटर टेस्टिंग लैब, टेस्टिंग रिपोर्ट सहित अन्य जरूरी कागजात नहीं मिले, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है.

तत्काल सील, उत्पादन पूरी तरह बंद!

इन गंभीर खामियों को देखते हुए डिप्टी कलेक्टर पवन गोरैया के नेतृत्व में टीम ने तत्काल प्रभाव से यूनिट का उत्पादन बंद कराते हुए प्लांट को सील कर दिया. अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि सभी मानक पूरे किए बिना संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी.

अन्य यूनिट भी प्रशासन के रडार पर!

निरीक्षण के दौरान ‘तनु आरो कैन वाटर सप्लाई’ और ‘नव्या मिनरल्स’ का भी निरीक्षण किया गया. संचालकों को मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र बनवाने, स्वच्छता बनाए रखने और पानी की सप्लाई से पहले टीडीएस जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

नियम उल्लंघन पर कानूनी शिकंजा!

पूर्व निरीक्षण के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने ‘नव्या मिनरल्स’ और ‘संजीवनी जल’ के खिलाफ बिना पंजीयन संचालन और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज कर सक्षम न्यायालय में पेश किया है.

अवैध कारोबारियों में हड़कंप!

इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध और लापरवाह वाटर प्लांट संचालकों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि हर नागरिक को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल मिल सके.

ये भी पढ़ें: जबलपुर में फिर धर्मांतरण का खेल! पैसों का लालच देकर महिलाओं को बुलाया जा रहा, बजरंग दल की शिकायत पर पुलिस ने छापा मारा

ज़रूर पढ़ें