छत्तीसगढ़ में अब घर बैठे ऑनलाइन बनेगा राशन कार्ड, जानें कैसे करें आवेदन
CG Ration Card: नया राशन कार्ड बनवाने के लिए लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. वहीं अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से आवेदन करना आसान होगा.
Written By
श्वेक्षा पाठक
|
Last Updated: Jun 07, 2026 07:11 PM IST
राशनकार्ड बनवाना और उसमें परिवार के सदस्यों का नाम जुड़वाना बड़ा मुश्किल काम होता है. लेकिन अब ये मुश्किल काम आसान होने जा रहा है.
अब आप सेवा सेतु पोर्टल की मदद से घर बैठे ही राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया और नए सदस्यों के नाम जुड़वा सकते हैं.
सेवा सेतु पोर्टल के जरिए यह पूरी प्रक्रिया इंटरनेट के माध्यम से पूरी होगी. सके बाद लोगों को नगर निगम, जनपद पंचायत या जिला कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
छत्तीसगढ़ इंफोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) ने सेवा सेतु पोर्टल डिज़ाइन किया है. इसकी मदद से लोग घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से ही आवेदन कर सकेंगे.
यह प्रक्रिया लोक सेवा केंद्रों, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों में भी पुरी की जा सकेगी.
नई व्यवस्था लागू होने के बाद पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से आवेदन करना आसान होगा और आवेदक अपने आवेदन की स्थिति को भी ट्रैक कर सकेंगे.
राशनकार्ड की स्वीकृति होने के बाद उसकी पीडीएफ फ़ाइल पोर्टल पर उपलब्ध होगी. हितग्राही इसे घर बैठे डाउनलोड कर सकेंगे या लोक सेवा केंद्र से प्रिंट निकलवा सकेंगे.
राशन कार्ड बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज हैं- परिवार के मुखिया और सभी सदस्यों का आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, मुखिया का बैंक खाता विवरण, मोबाइल नंबर, पासपोर्ट साइज फोटो लगेगा.