Shukra Pradosh Vrat 2026: आज है शुक्र प्रदोष व्रत, भगवान शिव को प्रसन्न करने का शुभ अवसर, जानें पूजा विधि और नियम
शुक्र प्रदोष व्रत 2026
Shukra Pradosh Vrat 2026: हिंदू धर्म में प्रदोष व्रत भगवान शिव की कृपा पाने के लिए बहुत शुभ माना जाता है. जब यह व्रत शुक्रवार के दिन आता है, तो इसे शुक्र प्रदोष व्रत कहा जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान शिव की पूजा करने से उनकी विशेष कृपा प्राप्त होती है. ऐसा माना जाता है कि इस व्रत से व्यक्ति की इच्छाएं पूरी होने लगती हैं और जीवन की परेशानियां धीरे-धीरे कम होने लगती हैं. प्रदोष व्रत हर महीने की दोनों त्रयोदशी तिथियों यानी कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष में रखा जाता है. इस दिन सूर्यास्त के आसपास का समय पूजा के लिए सबसे शुभ माना जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं व्रत के महत्व, पूजा विधि और नियमों के बारे में.
शुक्र प्रदोष व्रत का महत्व
शुक्र प्रदोष व्रत को सुख, शांति और समृद्धि देने वाला व्रत माना जाता है. मान्यता है कि इसे करने से व्यक्ति को कई प्रकार की समस्याओं से राहत मिल सकती है. जीवन में चल रहे तनाव, बीमारी, पारिवारिक कलह और मानसिक परेशानियां कम होने लगती हैं. इसके अलावा वैवाहिक जीवन में आने वाली बाधाओं को दूर करने और आपसी संबंधों को बेहतर बनाने में भी यह व्रत लाभकारी माना जाता है. कई भक्त इसे अच्छे स्वास्थ्य, मानसिक शांति और खुशहाल जीवन के लिए रखते हैं.
पूजा विधि
- इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ तथा हल्के रंग के वस्त्र धारण करें.
- इसके बाद तांबे के पात्र से सूर्य भगवान को जल अर्पित करें और सुख-समृद्धि की कामना करें.
- दिनभर भगवान शिव का स्मरण करते रहें और “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें.
- शाम को प्रदोष काल में भगवान शिव का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से बने पंचामृत से अभिषेक करें.
- पूजा के बाद 108 बार “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें और शिव पंचाक्षरी स्तोत्र का पांच बार पाठ करें.
- अंतिम में भगवान शिव से अपनी मनोकामना पूर्ण करने और कष्ट दूर करने की प्रार्थना करें.
जरूरी नियम और सावधानियां
- शुक्र प्रदोष व्रत के दिन घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए.
- पूजा करते समय काले या बहुत गहरे रंग के कपड़े पहनने से बचना बेहतर माना जाता है.
- पूरे दिन मन को शांत रखें और नकारात्मक विचारों से दूर रहें.
- माता-पिता, गुरुजनों और बुजुर्गों का सम्मान करें तथा सभी के साथ विनम्र व्यवहार रखें.
- यदि घर में कोई महिला अतिथि आए तो उसे आदरपूर्वक पानी और मिठाई अवश्य दें.
- इस दिन अपना अधिक से अधिक समय भगवान शिव के ध्यान, पूजा और भक्ति में लगाना शुभ माना जाता है.