IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका, 3 बार चैंपियन बनाने वाले दिग्गज ने छोड़ा टीम का साथ
मुंबई इंडियंस
Mahela Jayawardene Resign: आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में से एक मुंबई इंडियंस के खेमे से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. श्रीलंका के पूर्व कप्तान और मुंबई इंडियंस के इतिहास के सबसे सफल हेड कोच महेला जयवर्धने ने एमआई के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है. फ्रेंचाइजी ने एक आधिकारिक स्टेटमेंट जारी कर जयवर्धने के फ्रेंचाइजी से अलग होने की पुष्टि की है. महेला जयवर्धने की कोचिंग में ही मुंबई ने रोहित शर्मा की कप्तानी में तीन आईपीएल खिताब जीते.
मुंबई इंडियंस के साथ महेला जयवर्धने का जुड़ाव
महेला जयवर्धने का मुंबई इंडियंस के साथ करीब एक दशक का जुड़ाव रहा. साल 2017 में वह पहली बार एमआई के हेड कोच बने और 2022 तक इसी भूमिका में नजर आए. इसके बाद 2024 में उन्होंने फिर मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली और 2026 तक टीम के साथ काम किया. जयवर्धने के कार्यकाल में मुंबई के ड्रेसिंग रूम में अनुशासन, टीम वर्क और खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल पर खास जोर दिया गया. उनकी कोचिंग में ही मुंबई ने 2017, 2019 और 2020 में तीन आईपीएल खिताब अपने नाम किए.
यह भी पढ़ें: कौन हैं कुमार कुशाग्र? जिन्हें टीम इंडिया में KL Rahul की जगह मिली एंट्री
MI की मालकिन नीता अंबानी ने की सराहना
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने महेला जयवर्धने के सालों के योगदान और अटूट समर्पण की सराहना की है. उन्होंने कहा, ‘महेला ने सालों से मुंबई इंडियंस के लिए योगदान दिया है. पूरी एमआई फैमिली की ओर से मैं उनके समर्पण के लिए आभार व्यक्त करती हूं. हमने साथ मिलकर जो सफर किया और जो यादें बनाई हैं, वो हमेशा संजोकर रखी जाएंगी. महेला हमेशा ही एमआई पलटन का हिस्सा रहेंगे. उनके भविष्य के सफर के लिए ढेरों शुभकामनाएं.’
इमोशनल हुए महेला जयवर्धने
हेड कोच पद छोड़ने के बाद श्रीलंकाई दिग्गज महेला जयवर्धने काफी इमोशनल हो गए. जयवर्धने ने फ्रेंचाइजी के खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और प्रशंसकों का धन्यवाद किया. उन्होंने नीता अंबानी और आकाश अंबानी के भरोसे और सहयोग एवं दोस्ती को भी अपने सफर का बेहद अहम हिस्सा बताया. उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी के साथ उन्होंने कई यादगार पल शेयर किए हैं, मुश्किलों का सामना किया और ऐसी उपलब्धियां हासिल कीं, जिन पर सभी को गर्व हो सकता है.