भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, तीसरी बार बनी एशिया कप की चैंपियन

AHF Junior Asia Cup 2026: चीन के मोकी में खेले गए AHF जूनियर एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर तीसरी बार जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है.
INDIAN WOMEN"S TEAM

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम

AHF Junior Asia Cup 2026: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने एक बार फिर एशिया कप में अपना दबदबा कायम रखा है. चीन के मोकी में खेले गए AHF जूनियर एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार जूनियर एशिया कप में ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया है. फाइनल में चीन को हराने के साथ टीम इंडिया ने FIH जूनियर वर्ल्ड कप में भी अपनी जगह पक्की कर ली है.

फाइनल में भारत-चीन के बीच कड़ी टक्कर

भारत और चीन के बीच खेले गए AHF जूनियर एशिया कप 2026 के फाइनल में शुरुआती मिनटों में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. मेजबान चीन ने खिताबी मुकाबले में अपनी मजबूत डिफेंस रणनीति के साथ मैदान पर उतरतरे हुए भारतीय फॉरवर्ड्स पर दबाव बनाने की पूरी कोशिश की. हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने सब्र और सटीक पासिंग का शानदार परिचय देते हुए विरोधी टीम के रचे चक्रव्यूह को तोड़ दिया.

यह भी पढ़ें: जूनियर महिला एशिया कप में भारतीय हॉकी टीम का जलवा, पाकिस्तान को 19-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

सानिका माने के गोल ने दिलाया गोल्ड

इस खिताबी मुकाबले का सबसे अहम और निर्णायक पल मैच का 17वां मिनट साबित हुआ, जब सानिका माने ने शानदार प्रदर्शन कर फील्ड गोल किया. सानिका के इस एकमात्र गोल ने भारत को AHF जूनियर एशिया कप 2026 का खिताब जितवाया. भारत के इस गोल के बाद चीन ने वापसी की पूरी कोशिश की और आखिरी मिनटों तक भारतीय गोलपोस्ट पर कई तीखे हमले बोले, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली और आखिरी मिनटों में भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया.

लगातार तीसरी बार जीता गोल्ड

भारत के लिए यह जीत काफी खास है, क्योंकि भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने लगातार तीसरी बार AHF जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है. इससे पहले भारत ने साल 2023 में साउथ कोरिया को फाइनल में 2-1 से हराकर पहली बार AHF जूनियर एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी. दूसरी बार साल 2024 में भारत ने अपनी बादशाहत को बरकरार रखते हुए लगातार दूसरा खिताब जीता था.

ज़रूर पढ़ें