IND vs AFG: DRS ड्रामे से मचा बवाल, आउट होने के बाद डगआउट में साथी खिलाड़ियों से भिड़े मोहम्मद सलीम सफी
मोहम्मद सलीम सफी
Mohammad Saleem Safi: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पारी और 300 रनों की बड़ी जीत हासिल कर ली है. इस मैच में भारत ने शुरुआत से ही अपनी पकड़ मजबूत बनाई रखी और मेहमान टीम को कमबैक करने का मौका नहीं दिया. इस मैच के तीसरे दिन अफगानिस्तान की एक और DRS गलती चर्चा का विषय बन गई है. इस बार बल्लेबाज मोहम्मद सलीम सफी विकेट गंवाने पर बिना रिव्यू लिए ही पवेलियन लौट गए. उनकी यह गलती टीम को भारी पड़ी.
भारत ने दिया फॉलोऑन
दरअसल भारतीय टीम ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 564 रन बनाए. जवाब में अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में सिर्फ 152 रन ही बना सकी. इस तरह भारतीय टीम ने 412 रनों की बढ़त हासिल की जिसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने फॉलोऑन देने का फैसला किया. हालांकि अफगानिस्तान की पहली पारी खत्म होने से पहले ही डीआरएस ड्रामा देखने को मिला, जिसने मैच का पूरा माहौल ही बदल दिया.
बिना रिव्यू लिए पवेलियन लौटे मोहम्मद सलीम सफी
अफगानिस्तान की पारी के दौरान 58वें ओवर में भारतीय स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार गेंदबाजी कर रहे थे और क्रीज पर थे मोहम्मद सलीम सफी. इस ओवर की एक गेंद सफी के पैड पर लगी और अंपायर ने बिना किसी देर के बल्लेबाज को LBW आउट दे दिया. पहले ऐसा लगा जैसे सलीम रिव्यू लेने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन अगले ही पल वह पवेलियन की ओर चले गए.
सलीम के आउट होने के कुछ ही मिनट बाद जब बॉल-ट्रैकिंग सामने आई तो अफगानिस्तान के खेमे में मायूसी छा गई. रिप्ले में साफ दिखा कि यह गेंद लेग स्टम्प के बाहर पिच हुई थी और नियमों के मुताबिक ऐसी स्थिति में बल्लेबाज नॉटआउट रहता है. अगर सफी उस दौरान DRS ले लेते तो अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ता और वह नॉटआउट होते.
यह भी पढ़ें: IND VS AFG Test: भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों से रौंदा, डेब्यू में चमके मानव सुथार
साथी खिलाड़ियों से भिड़े सफी
आउट होने के बाद मोहम्मद सलीम सफी जब डगआउट लौटे तो उन्हें अपने साथी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ तीखी बहस करते देखा गया. ऐसा लग रहा था जैसे टीम के अन्य लोग ये समझने की कोशिश कर रहे थे कि आखिर सफी ने रिव्यू क्यों नहीं लिया.