INDW vs NEDW: मैच के दौरान चोटिल हुईं श्रेयंका पाटिल, स्ट्रेचर से ले जाया गया मैदान से बाहर
श्रेयंका पाटिल
Shreyanka Patil: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दसवां मुकाबला बीते दिन बुधवार (17 जून) को भारत और नीदरलैंड के बीच खेला गया. इस मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 95 रन से एकतरफा जीत दर्ज की. हालांकि, मैच के दौरान टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है टीम की स्टार ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल चोटिल हो गई हैं.
नीदरलैंड के खिलाफ चोटिल हुई श्रेयंका पाटिल
दरअसल नीदरलैंड की पारी के छठे ओवर में श्रेयंका पाटिल गेंदबाजी करते समय चोटिल हो गई थी. इस दौरान उनके दाहिने टखने में मोच आ गई जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा. इस ओवर की पहली गेंद श्रेयंका ने फेबे मोल्केनबोअर को राउंड द विकेट फेंकी जिसे बल्लेबाज ने ऑन-साइड की ओर खेला. श्रेयंका गेंद को रोकने के लिए दौड़ीं लेकिन खुद को चोटिल कर बैठीं. गेंद रोकने के प्रयास में श्रेयंका अजीब तरीके से गिरी और उनका पैर मुड़ गया, जिसके बाद वह दर्द से कराहती दिखी. भारतीय टीम के फिजियो मैदान पर आए. इस दौरान श्रेयंका अपने पैर पर खड़ी नहीं हो पा रही थीं. इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर लादकर बुग्गी एम्बुलेंस से मैदान के बाहर ले जाया गया.
A big blow to India as Shreyanka Patil is stretchered off the field one ball into her spell
— Cricbuzz (@cricbuzz) June 17, 2026
Shreyanka twisted her right ankle while trying to stop the ball 😢#INDvsNED #T20WorldCup pic.twitter.com/Qgz3hvJLxh
चोटों से पुराना नाता
23 वर्षीय भारतीय युवा स्टार ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल का चोटों से पुराना नाता है. श्रेयंका की यह चोट इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि वह पहले भी चोटों से जूझ चुकी हैं. इससे पहले इंजरी के चलते वह करीब एक साल से ज्यादा समय तक मैदान से बाहर रहीं. इंजरी के बाद श्रेयंका ने WPL 2026 के सीजन में वापसी की थी और उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने इस सीजन खिताब जीता था. इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी पर, श्रेयंका ने बार-बार चोटों के मानसिक असर पर खुलकर बात की थी. उन्होंने यह भी माना था कि वे क्रिकेट छोड़ने का मन बना चुकी थी.
कप्तान हरमनप्रीत ने क्या कहा?
मैच के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने श्रेयंका पाटिल की चोट के बारे में बात की. इस दौरान हरमन ने कहा,’अभी मेरे पास श्रेयंका की चोट को लेकर ओई साफ अपडेट नहीं हैं’. सूत्रों के मुताबिक श्रेयंका का स्कैन होगा, उसके बाद उनकी चोट की स्थिति साफ हो पाएगी. लेकिन पहली नजर में भारतीय ऑलराउंडर की ये चोट काफी गंभीर नजर आ रही है.