आयरलैंड में वैभव सूर्यवंशी का गजब क्रेज, फैंस की भीड़ के चलते बनाए गए अस्थायी स्टैंड
वैभव सूर्यवंशी
Vaibhav Sooryavanshi Craze: भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 26 जून को बेलफास्ट में खेला जाएगा. इस मैच से पहले 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले वैभव को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में मौका मिला है. उनके संभावित डेब्यू को लेकर फैंस में खासा उत्साह है.
वैभव को लेकर जबरदस्त क्रेज
दरअसल हाल ही में क्रिकेट आयरलैंड के चेयरमैन ब्रायन मैकनीस ने द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए बताया कि मुकाबले के लिए टिकटों की मांग उम्मीद से कहीं ज्यादा बढ़ गई है. टिकटों की मांग के चलते उनका फोन हर समय बजता रहता है. आगे उन्होंने बताया कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि सिर्फ 4,500-5,000 फैंस को ही जगह दे सकते हैं. अगर उनके पास जगह ज्यादा होती तो वह स्टेडियम को तीन बार भर सकते थे.
यह भी पढ़ें: क्या टीम इंडिया के खिलाड़ियों के साथ चल भी नहीं सकते वैभव सूर्यवंशी? जानें वायरल वीडियो की सच्चाई
कुछ ही मिनटों में बिके टिकट
आगे ब्रायन मैकनीस ने बताया कि इस मैच की टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए और लोग अभी भी टिकट की तलाश कर रहे हैं. मैकनीस ने यह भी कहा कि यहां पर भारत के मैचों को लेकर दर्शकों में हमेशा उत्साह रहता है और काफी दिलचस्पी होती है, लेकिन इस बार वैभव का क्रेज कुछ ज्यादा ही है. आयरलैंड के लोगों में वैभव की खूब चर्चा हो रही है.
बनाए गए अस्थायी स्टैंड
इसके अलावा क्रिकेट आयरलैंड के चेयरमैन ब्रायन मैकनीस ने बताया की वैभव के संभावित डेब्यू ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है. उन्हें देखने के लिए फैंस के बीच इतना उत्साह है कि क्रिकेट आयरलैंड को अस्थायी स्टैंड बनाने के लिए स्थानीय सरकारी अधिकारियों से बातचीत करनी पड़ी. मैकनीस ने खुलासा किया पहले मैच के लिए अस्थायी स्टैंड बनाए गए हैं और इसके लिए परमिट लेने के लिए उन्हें सरकार के साथ कुछ बैठकें करनी पड़ी थी.