अमर्यादित वीडियो मामले में सिविल लाइन थाने पहुंचे अमित जोगी, कहा- वीडियो मैंने ही बनाया था
पूर्व विधायक अमित जोगी
रायपुर. जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी मंगलवार को अमर्यादित वीडियो मामले में अपना बयान दर्ज कराने सिविल लाइन थाने पहुंचे. पुलिस उनसे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है. इससे पहले पुलिस ने नोटिस जारी कर उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था. पिछली नोटिस के जवाब में अमित जोगी ने गुजरात दौरे पर होने का हवाला दिया था.
थाने पहुंचने पर अमित जोगी ने स्वीकार किया कि विवादित वीडियो उन्होंने ही बनाया था. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को वीडियो पसंद नहीं आया, इसलिए उन्होंने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया.
बता दें कि हाल ही में अमित जोगी ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें प्रधानमंत्री और चुनाव आयुक्त के किरदारों को लेकर आपत्तिजनक प्रस्तुति किए जाने का आरोप लगा था. इस मामले में भाजपा नेता और विधायक राजेश मूणत ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर अमित जोगी और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस अब अमित जोगी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

