Satyendra Jain Arrested: आप नेता सत्येंद्र जैन गिरफ्तार, दिल्ली जल बोर्ड घोटाला मामले में ACB का बड़ा एक्शन
satyendra jain/ image source: x
Satyendra Jain Arrested: दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. दरअसल, दिल्ली जल बोर्ड में हुए कथित घोटाले के मामले में एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने मंगलवार को दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया है. पूर्व मंत्री और AAP नेता सत्येंद्र जैन के साथ कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
और कौन-कौन हुए गिरफ्तार?
दिल्ली जल बोर्ड के कथित घोटाले में ACB ने पूर्व मंत्री और AAP नेता सत्येंद्र कुमार जैन के साथ 5 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO IAS उदित प्रकाश राय, पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, M/s AN एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर नागेंद्र यादव, M/s यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा और M/s सृजनहार के प्रोपराइटर पंकज वर्मा शामिल हैं.
The Anti-Corruption Branch (ACB), Government of NCT of Delhi has arrested six accused persons:
— ANI (@ANI) August 18, 2026
1. Satyendar Kumar Jain, former Minister of Water, GNCTD,
2. Udit Prakash Rai (IAS), former CEO, Delhi Jal Board,
3. Ankit Srivastava, former contractual consultant, Delhi Jal Board… pic.twitter.com/Q2hxt1Ofgt
क्या है आरोप ?
ACB के मुताबिक यह कार्रवाई FIR संख्या 10/2024 के तहत की गई है, जो दिल्ली सरकार के सतर्कता निदेशालय की शिकायत पर 11 मई 2024 को दर्ज हुई थी. जांच में आरोप है कि STP के उन्नयन के टेंडर में ऐसी तकनीकी शर्तें जोड़ी गईं जिससे एक विशेष कंपनी को फायदा मिला. पायलट स्टडी नहीं कराई गई, उपचारित पानी के मानकों को तकनीकी शर्तों से बाहर रखा गया.
1.52 करोड़ का लेनदेन
ACB का दावा है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों में निजी लोगों और अधिकारियों के बीच टेंडर दस्तावेजों को लेकर बातचीत मिली. वित्तीय जांच में पता चला कि Eurotech से AN Enterprises को रकम भेजी गई और फिर वह सरकारी अधिकारियों व रिश्तेदारों तक पहुंची. तत्कालीन DJB CEO उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के खातों में करीब 1.52 करोड़ रुपये आने का आरोप है, जिसका इस्तेमाल अचल संपत्ति खरीदने में किया गया. ACB ने कहा छहों आरोपितों से पूछताछ के बाद 18 अगस्त को कानून के अनुसार गिरफ्तारी की गई. मामले में धन के पूरे लेनदेन की जांच अभी जारी है.
आप के नेता ने बीजेपी को घेरा
वहीं, आप के नेता अनुराग धांडा ने बीजेपी पर हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘अब और कितने सबूत चाहिए कि बीजेपी को AAP से डर लगता है. जिस जल बोर्ड टेंडर का हवाला दे रहे हैं उस वक्त सत्येंद्र जी जेल में थे. बताओ जेल से कैसे ज़िम्मेदार हो गए? असली वजह ये है कि सत्येंद्र जैन पंजाब के सह प्रभारी हैं और पंजाब में चुनाव आ रहा है. डरपोक मोदी कुछ तो शर्म करो.’
अब और कितने सबूत चाहिए कि बीजेपी को AAP से डर लगता है। जिस जल बोर्ड टेंडर का हवाला दे रहे हैं उस वक्त सत्येंद्र जी जेल में थे। बताओ जेल से कैसे ज़िम्मेदार हो गए?
— Anurag Dhanda (@anuragdhanda) August 18, 2026
असली वजह ये है कि सत्येंद्र जैन पंजाब के सह प्रभारी हैं और पंजाब में चुनाव आ रहा है।
डरपोक मोदी कुछ तो शर्म करो। https://t.co/IOH7cSNNZ0