‘हर अधिकारी खुद को संघ से जुड़ा बताता है’, कैलाश विजयवर्गीय बोले- सरकार आ गई तो अब सब RSS के हो गए
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय(File Photo)
MP News: मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने उन प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला बोला है, जो खुद को आरएसएस से जुड़ा हुआ बताते हैं. कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जब हमारी सरकार आ गई है तो हर अधिकारी खुद को आरएसएस का बताता है. उन्होंने कहा कि हमारे समाज में अच्छे इंसानों की कमी हो गई है.
‘हर कर्मचारी कहता है, मैंने संघ की चड्ढी पहनी है‘
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शनिवार को भोपाल में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार में जो भी अधिकारी आता है, कहता है कि मैंने भी पट्टी बांधी है. मैंने भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की बेल्ट बांधी है, चड्डी पहनी है. हर अधिकारी, हर कर्मचारी ऐसा सोचता है. सरकार आने के बाद सब संघ के हो गए. हर अधिकारी संघ का हो गया.’
‘अच्छे इंसान नहीं होंगे, तो विचारधारा का क्या महत्व’
कैलाश विजयवर्गीय ने आगे कहा, ‘एक अधिकारी ने मुझसे कहा कि मेरे पिताजी शाखा में जाते थे. दूसरे अधिकारी ने कहा कि मेरे पिताजी शाखा के अध्यक्ष थे. तो मैंने बोला अध्यक्ष तो होते नहीं हैं, खैर. अब अपने-अपने तरीके से बहुत भीड़ हो गई है. इस भीड़ में अच्छे इंसानों की कमी होती जा रही है. संगठन बढ़ रहा है, कहने के लिए विचारधारा भी बढ़ रही है. लेकिन अगर अच्छे इंसान नहीं होंगे, तो इस विचारधारा का महत्व क्या है? इस पर चिंतन और मनन करना चाहिए.’
ये भी पढ़ें: नर्मदा नदी में डूबकर तीन युवकों की मौत, जबलपुर में दद्दा घाट पर नहाने गए थे 8 दोस्त