कुलगाम की मस्जिद में छिपा आतंकी लतीफ भट ढेर, सेना ने दिया था सरेंडर का अल्टीमेटम
लतीफ भट का एनकाउंटर
latif killed in kulgam encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सेना ने आतंकी लतीफ भट को मार गिराया है. वह इलाके की एक मस्जिद में छिपा हुआ था. सेना की तरफ से उसे सरेंडर करने का ऑफर भी दिया गया था. हालांकि उसने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया था. बुधवार सुबह मुठभेड़ शुरू हो गई थी थी. करीब 5 घंटे चली इस मुठभेड़ के बाद लतीफ मारा गया.
सुरक्षाबलों ने स्थानीय लोगों की मदद से लतीफ से वीडियो कॉल की थी. इस बातचीत के दौरान सेना ने उसे सरेंडर करने को कहा था. इसके साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि हम तुम्हारे साथ हैं. इस पर लतीफ ने कहा था कि मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है. बहुत खुश हूं मैं. अल्लाह को देखूंगा. सरेंडर नहीं करूंगा. अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध आतंकवादी जंगलपोरा की एक मस्जिद के अंदर फंसा था.
दो पहले भी कुलगाम में सेना ने एनकाउंटर किया था. उसमें एक आतंकी घायल हुआ था और एक मारा गया था. उस समय दावा किया गया था कि लतीफ भट मारा गया. हालांकि बाद में जानकारी सामने आई कि वह बुरी तरह घायल हुआ था.इसके बाद भी वह फरार हो गया था. सेना तभी से ही उसकी तलाश में घाटी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी.
लतीफ पर था 15 लाख का इनाम
लतीफ का नाम जम्मू-कश्मीर में हुई कई घटनाओं में सामने आया था. हाल ही में सीआरपीएफ चेक प्वाइंट पर भी लतीफ ने ही हमला किया था. पुलिस ने 15 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था. वह 2025 की शुरुआत में घर से लापता हो गया था. परिवार ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी, बाद में जानकारी आई कि वह आतंकी संगठन में शामिल हो गया. लतीफ पहले बढ़ई का काम किया करता था.



