1 मई से बदल गए ऑनलाइन गेमिंग के नियम, अब हर जीत पर लगेगा भारी टैक्स, खेलने से पहले जान लें ये बदलाव
ऑनलाइन गेमिंग नया नियम
Online Gaming Rules India 2026: भारत में 1 मई से ऑनलाइन गेमिंग के नियम पूरी तरह बदल चुके हैं. अब आप कौन सा गेम चुनते हैं, इसी से तय होगा कि आपको कितना टैक्स देना है और आप कानूनी रूप से कितने सुरक्षित हैं. पहले लोग सिर्फ जीतने के बाद टैक्स की चिंता करते थे, लेकिन अब गेम की ‘कैटेगरी’ सबसे ज्यादा मायने रखती है. अगर आप सावधानी नहीं रखते, तो छोटी सी एंट्री फीस वाला गेम भी आपको भारी टैक्स और कानूनी मुश्किलों में डाल सकता है. इसलिए गेम शुरू करने से पहले इन नए बदलावों को समझना अब हर खिलाड़ी के लिए बेहद जरूरी है.
क्या हैं ऑनलाइन गेमिंग के नए नियम?
नए नियमों के हिसाब से अब हर वह गेम ‘ऑनलाइन गेम’ माना जाएगा जिसे आप इंटरनेट के जरिए अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर खेलते हैं. फिर चाहे वह टीम बनाने वाला फैंटेसी स्पोर्ट्स हो, कोई क्विज हो या लड़ाई वाला गेम. सबसे जरूरी बात यह है कि अब गेम्स को अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है. आपकी गेमिंग कैटेगरी ही यह तय करेगी कि वह गेम कानूनी है या नहीं और उस पर टैक्स लगेगा या नहीं.
ऑनलाइन मनी गेम में जोखिम
अगर आप किसी गेम में पैसे लगाकर इनाम या पैसे जीतने की उम्मीद रखते हैं, तो वह ‘ऑनलाइन मनी गेम’ कहलाता है. इसमें न केवल असली कैश, बल्कि कॉइन या टोकन जीतना भी शामिल है. नए नियमों के अनुसार ऐसे गेम्स पर पाबंदी है फिर भी अगर कोई इनसे कमाई करता है, तो उसे अपनी जीत पर सीधा 30 प्रतिशत टैक्स देना होगा और किसी नुकसान की भरपाई भी नहीं मिलेगी. सबसे बड़ा जोखिम यह है कि अगर कमाई छिपाई गई और पकड़ी गई, तो टैक्स के साथ इतनी भारी पेनल्टी लग सकती है जो आपकी कुल कमाई से भी ज्यादा हो.
ई-स्पोर्ट्स ‘मनी गेम’ से अलग
ई-स्पोर्ट्स को ‘मनी गेम’ से अलग रखा गया है क्योंकि इसमें जीत किस्मत से नहीं बल्कि आपकी स्किल से तय होती है. यहां सट्टेबाजी या जुए का कोई स्थान नहीं है, लेकिन टैक्स के मामले में नियम सख्त हैं. इंटरनेट पर होने वाले टूर्नामेंट्स से होने वाली कमाई पर सीधा 30 प्रतिशत टैक्स और TDS कटेगा. वहीं ऑफलाइन या लैन पर होने वाले मैचों पर साधारण इनकम टैक्स नियम लागू होंगे. साथ ही प्रोफेशनल गेमर्स की स्ट्रीमिंग और स्पॉन्सरशिप से होने वाली कमाई को अब बिजनेस इनकम माना जाएगा.
ऑनलाइन सोशल गेम क्या है?
ऑनलाइन सोशल गेम वे गेम हैं जिनमें न तो आप पैसे लगाते हैं और न ही कुछ जीतते हैं, जैसे क्विज़, पहेलियां और साधारण लूडो. यहां अगर आप कोई फीस देते भी हैं, तो वह सिर्फ गेम खेलने की सुविधा के लिए होती है, न कि पैसा कमाने के लिए. हालांकि इसमें कोई कमाई नहीं होती, इसलिए इस पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगता. सुरक्षा और कानूनी नजरिए से यह कैटेगरी सबसे बेहतरीन और बिना जोखिम वाली है.
ये भी पढ़ें- Instagram Reels जैसा मजा अब Netflix पर भी, ऐप के नए अपडेट में क्या-क्या बदलाव? यहां जानें
बिना पैसे वाले गेम पूरी तरह सुरक्षित
नए नियमों का सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब स्किल और किस्मत का फर्क खत्म हो गया है. अब असली फर्क सिर्फ इस बात से पड़ता है कि आप गेम में पैसे लगा रहे हैं या नहीं. अगर आप पैसे लगाकर खेल रहे हैं, तो आप पर भारी टैक्स और कानूनी नियमों से गुजारना होगा जबकि बिना पैसे वाले गेम पूरी तरह सुरक्षित हैं. इसलिए गेम शुरू करने से पहले यह देख लें कि आप मनोरंजन कर रहे हैं या पैसा कमाने की कोशिश, क्योंकि यही फैसला आपके टैक्स और कानूनी जोखिम को तय करेगा.