Bank Strike: समय से पहले निपटा लें जरूरी काम, 3 दिसंबर से हड़ताल पर जा रहे 11 बड़े बैंकों के कर्मचारी
3 दिसंबर को बंद रहेंगे बैंक
Complete Banking Work Early: बैंक ग्राहकों के लिए बहुत बड़ी खबर सामने आई है. अगर आपका भी कोई बैंक से जुड़ा काम रुका हुआ है और उसे पूरा कराने के लिए ब्रांच जाने की सोच रहे हैं, तो यह खबर बड़े ध्यान से पढ़ें. दरअसल, अगले महीने दिसंबर की 3 तारीख को देशभर के बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे, जिस वजह से बैंक से जुड़ा कोई भी काम नहीं हो सकेगा. कुछ महीने पहले भी बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन किया था.
वहीं एक बार फिर केंद्र सरकार द्वारा लिए गए एक निर्णय के बाद 3 दिसंबर 2026 को ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) ने सरकार के फैसले के खिलाफ आंदोलन करने का ऐलान किया है. यानी 3 तारीख से पहले ही बैंक से जुड़े हुए अधूरे कामों को पूरा कर लें.
बैंक कर्मचारी हड़ताल क्यों कर रहे हैं?
दरअसल, इस हड़ताल की बड़ी वजह IDBI बैंक को लेकर सरकार का फैसला है. सरकार ने IDBI बैंक की 60.72 फीसदी हिस्सेदारी कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स ग्रुप को देने का फैसला किया है. इस फैसले को 14 अक्टूबर को कैबिनेट समिति ने मंजूरी दी थी. बैंक यूनियनों का कहना है कि किसी भारतीय बैंक का कंट्रोल विदेशी प्राइवेट कंपनी के हाथ में देना सही नहीं है. इससे न तो ग्राहकों का भला होगा और न ही देश की बैंकिंग व्यवस्था के लिए यह ठीक है.
3 दिसंबर को बैंकिंग सेवाएं रहेंगी ठप
3 दिसंबर को होने वाले इस बड़े आंदोलन में देशभर के बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे. जानकारी के अनुसार, इस देशव्यापी हड़ताल में 11 बड़े बैंकों के क्लर्क स्तर के लगभग 8 हजार और ऊंचे पदों के अधिकारी आंदोलन करेंगे. अधिकारियों के हड़ताल पर जाने के बाद बैंक में किसी भी तरह का कोई लेन-देन नहीं हो सकेगा. वहीं खाता खुलवाने से लेकर दूसरे ब्रांच से जुड़े हुए काम भी नहीं होंगे.
क्या ऑनलाइन सेवाएं बंद रहेंगी?
हड़ताल के दौरान बैंक की ऑनलाइन सेवाएं चालू रहेंगी. ग्राहक UPI, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ATM से पैसे निकालने और ट्रांसफर करने जैसे काम कर सकेंगे. हड़ताल का असर सिर्फ ब्रांच में होने वाले कामों पर पड़ेगा. इसलिए अगर आपको कैश जमा करना है, चेक क्लियर कराना है या खाते से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो उसे 3 दिसंबर से पहले ही निपटा लें.



