त्योहारी सीजन में शॉपिंग करते समय न करें ये 5 मनी मिस्टेक, वरना हो सकता है बड़ा नुकसान
शॉपिंग करते समय न करें ये गलतियां
Festive Shopping: भारत में गणेश चतुर्थी के साथ ही त्योहारी सीजन की शुरुआत हो चुकी है. त्योहारों के दौरान कपड़े, गहने, घर की सजावट, इलेक्ट्रॉनिक्स, पूजा का सामान और गिफ्ट जैसी कई चीजों की खरीदारी बढ़ जाती है. ऐसे में अगर खर्च का सही हिसाब न रखा जाए तो त्योहार खत्म होने के बाद बजट बिगड़ सकता है. खासकर फेस्टिव शॉपिंग करते समय कुछ छोटी-छोटी गलतियों से बचना जरूरी है.
बिना बजट के शॉपिंग करना
त्योहारों में खरीदारी शुरू करने से पहले अपना बजट बनाना बहुत जरूरी है. बिना हिसाब के शॉपिंग करने पर जरूरत से ज्यादा सामान खरीदा जा सकता है. इसलिए पहले बजट बनाएं कि कुल कितना पैसा खर्च करना है. इसके बाद कपड़े, गिफ्ट, घर की सजावट और पूजा के सामान के लिए अलग-अलग पैसे रखें.
सिर्फ डिस्काउंट देखकर सामान खरीदना
त्योहारी सीजन में दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कई तरह के ऑफर मिलते हैं. 50 या 70 प्रतिशत डिस्काउंट देखकर कई बार लोग ऐसी चीजें भी खरीद लेते हैं, जिनकी उन्हें जरूरत नहीं होती. इसलिए केवल छूट देखकर खरीदारी न करें. पहले सामान की कीमत, क्वालिटी और अपनी जरूरत को जरूर देखें. तभी डिस्काउंट का असली फायदा मिलेगा.
क्रेडिट कार्ड से ज्यादा खर्च करना
क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करना आसान है, लेकिन इससे बजट से ज्यादा खर्च होने का खतरा भी रहता है. अगर कार्ड का पूरा बिल समय पर नहीं चुकाया गया तो ब्याज और दूसरे चार्ज देने पड़ सकते हैं. इसलिए क्रेडिट कार्ड से उतना ही खर्च करें, जितना आप आसानी से चुका सकें.
कीमत की तुलना किए बिना खरीदारी करना
किसी भी सामान को खरीदने से पहले उसकी कीमत अलग-अलग दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जरूर देखें. एक ही प्रोडक्ट की कीमत में अंतर हो सकता है. कीमत के साथ ऑफर, वारंटी और रिटर्न पॉलिसी भी जांचें. दो-तीन जगह तुलना करने के बाद खरीदारी करने से बेहतर डील मिल सकती है.
ये भी पढ़ें-मोबाइल रिचार्ज हो सकता है सस्ता! सरकार टेलीकॉम कंपनियों की फीस घटाने पर कर रही विचार
त्योहार के बाद के खर्चों को भूल जाना
फेस्टिव शॉपिंग का पूरा बजट सिर्फ खरीदारी के लिए खर्च न करें. त्योहार के दौरान यात्रा, मेहमानों के आने, बाहर खाना खाने, पूजा और अन्य जरूरी खर्च भी हो सकते हैं. इसलिए इन खर्चों के लिए कुछ रकम पहले से अलग रखें. इससे त्योहार के बाद अचानक पैसों की कमी नहीं होगी.