हवाई सफर पर महंगाई की मार! जून से अगस्त तक कम उड़ेंगी कई घरेलू फ्लाइट्स, टिकट भी हो सकते हैं महंगे

Domestic Flights Ticket Price: ATF यानी विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों ने एयरलाइंस की लागत बढ़ा दी है, जिसके चलते एयर इंड‍िया और इंड‍िगो कई घरेलू उड़ानें कम करने जा रही हैं.
बढ़ने जा रहे ट‍िकटों के दाम

बढ़ने जा रहे ट‍िकटों के दाम

Domestic Flights Ticket Price Hike: दुनियाभर में इस समय तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. सड़क के वाहन हो या फ‍िर आसमान के वाहन हर कोई इन बढ़ती हुई तेल की कीमतों से परेशान नजर आ रहा है. यही वजह है कि देश की दो बड़ी एयरलाइंस एयर इंडिया और इंडिगो ने बढ़ती ईंधन कीमतों और कमजोर ट्रैवल डिमांड के बीच घरेलू उड़ानों में कटौती करने का फैसला लिया है.

एयरलाइंस के मुताबिक जून से अगस्त तक कई रूट्स पर फ्लाइट्स कम चलेंगी, जिससे यात्रियों को टिकट महंगे मिलने और कम विकल्प मिलने की आशंका है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी विमान ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. एयरलाइंस के कुल खर्च का लगभग 40 फीसदी हिस्सा सिर्फ ईंधन पर जाता है. ऐसे में कंपनियों पर आर्थिक दबाव काफी बढ़ गया है.

कितनी उड़ानों में होगी कटौती

बताया जा रहा है कि एयर इंडिया अपने घरेलू ऑपरेशन में 15% से लेकर 22% तक की कटौती कर सकती है, जबकि इंडिगो करीब 5% से 7% उड़ानें कम करने की तैयारी में है. यह बदलाव फिलहाल 90 दिनों के लिए लागू रहेगा.  

किन रूटों पर पड़ सकता है असर

एयरलाइंस के मुताबिक मुंबई से अहमदाबाद, नागपुर, पटना और भोपाल जाने वाली कुछ फ्लाइट्स कम हो सकती हैं. वहीं दिल्ली से हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता रूट पर भी उड़ानों की संख्या घटने की संभावना है.

क्‍या कहते हैं एक्सपर्ट

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े हालात की वजह से कच्चे तेल की कीमतें ऊपर गए हैं. इसके अलावा पाकिस्तान एयरस्पेस बंद होने जैसी समस्याओं से भी एयरलाइंस का खर्च बढ़ा है, क्योंकि कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लंबा रास्ता लेना पड़ रहा है.

हालांकि एयरलाइंस का कहना है कि यह कदम अस्थायी है और हालात सामान्य होने पर उड़ानों की संख्या फिर बढ़ाई जा सकती है. लेकिन फिलहाल यात्रियों को टिकट बुकिंग में दिक्कत और किराए में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ सकता है.

ये भी पढ़ें: बॉर्डर सुरक्षा को लेकर सरकार सख्‍त! सीमा से 15 किमी तक अवैध निर्माणों पर गिरेगी गाज, अमित शाह का आदेश

ज़रूर पढ़ें