सरकार ने बुजुर्गों के लिए लॉन्च किया ‘जीवन’ ऐप, घर बैठे मिलेगी योजनाओं की जानकारी-इमरजेंसी सहायता, जानें इसके फीचर्स
सरकार ने लॉन्च किया जीवन ऐप
Jeevan App for Senior Citizens: केंद्र सरकार देश के करोड़ों नागरिकों की सुरक्षा और परेशानियों को ध्यान में रखते हुए कई नई आधुनिक पहलों की शुरुआत कर रही है. इसी कड़ी में हाल ही में सरकार ने देश के वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों की मदद के लिए एक नया ऐप लॉन्च किया है. यह एक मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसका नाम JEEVAN (Joint Elderly Empowerment & Virtual Assistance Network) है.
इस ऐप के ज़रिए बुजुर्गों को घर बैठे सरकारी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी और इमरजेंसी सहायता सहित कई दूसरी सुविधाएं मिलेंगी. बता दें कि सरकार ने इस ऐप को बुजुर्गों की सेफ्टी, केयर, डिग्निटी और एम्पॉवरमेंट को ध्यान में रखते हुए लॉन्च किया है. ऐसे में आइए इस नए ऐप और इसके फीचर्स के बारे में डीटेल से जानते हैं.
सरकारी योजनाओं की जानकारी
केंद्र और राज्य सरकारें बुजुर्गों के लिए कई तरह की राहतभरी योजनाएं चलाती हैं. इनमें पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, आर्थिक सहायता और दूसरे लाभ शामिल होते हैं.

जीवन ऐप के जरिए वरिष्ठ नागरिक इन सभी योजनाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर आसानी से प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उन्हें अलग-अलग जगह जानकारी खोजने की जरूरत नहीं पड़ती.
इमरजेंसी सहायता और जरूरी सेवाएं
बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस ऐप में इमरजेंसी सहायता का फीचर भी दिया गया है. किसी मेडिकल परेशानी, दुर्घटना या दूसरे आपात स्थिति के दौरान वरिष्ठ नागरिक इस ऐप के माध्यम से तुरंत मदद और जरूरी सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
वृद्धाश्रमों की जानकारी
जीवन ऐप में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा समर्थित सीनियर सिटीजन होम्स यानी वृद्धाश्रमों की जानकारी भी उपलब्ध है. इससे बुजुर्ग और उनके परिवार जरूरत पड़ने पर अपने आसपास उपलब्ध सुविधाओं और रहने की व्यवस्था के बारे में आसानी से जानकारी हासिल कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें-रेलवे स्टेशन पर क्यों नहीं होती मेडिकल शॉप? जानिए नियम
सिंपल इंटरफेस
इस ऐप को खास तौर पर वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. इसका इंटरफेस बेहद सरल और समझने में आसान है, जिससे बुजुर्ग बिना किसी तकनीकी परेशानी के इसका उपयोग कर सकते हैं. कम पढ़े-लिखे या पहली बार स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले लोग भी इसे आसानी से चला सकते हैं.