चालान और कागजों की टेंशन खत्म! फोन में रखें mParivahan App, मिलेगी हर जरूरी जानकारी
सांकेतिक तस्वीर
mParivahan App: जब भी लोग मोटरसाइकिल, कार, बस या कोई बड़ा वाहन खरीदते हैं, तो उनके लिए कुछ जरूरी दस्तावेज बनवाना अनिवार्य होता है. इसके लिए उन्हें कई दिनों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं फिर भी समय पर दस्तावेज नहीं बन पाते. लेकिन अब वाहन मालिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने एक ऐसा डिजिटल ऐप लॉन्च किया है, जिसके माध्यम से नागरिक परिवहन संबंधी सभी कार्य घर बैठे कर सकेंगे.
कौन सा ऐप है?
डिजिटल इंडिया पहल के तहत सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने mParivahan ऐप लॉन्च किया है. इस ऐप के होने पर अब आपको फिज़िकल दस्तावेज साथ रखने की जरूरत नहीं है. आप इस एप्लीकेशन में ही अपने सभी जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रख सकते हैं और चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस को दिखा सकते हैं. ये डिजिटल डॉक्यूमेंट्स पूरी तरह से मान्य हैं और कोई भी आपको फिज़िकल रिकॉर्ड दिखाने के लिए परेशान नहीं करेगा.
mParivahan ऐप को कैसे डाउनलोड करें?
mParivahan ऐप एंड्रॉयड और आईफोन दोनों के लिए उपलब्ध है और इसे आप इनके ऐप स्टोर से आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं. यह गाड़ी और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कामों के लिए सरकार का एक आधिकारिक और सुरक्षित ऐप है. खास बात यह है कि इसमें मौजूद डिजिटल RC (Registration Certificate) और DL (Driving Licence) पूरी तरह मान्य हैं, इसलिए आपको असली डॉक्युमेंट्स साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ती. इसमें एक खास QR कोड होता है, जिसे देखकर देश की किसी भी राज्य की पुलिस आपके दस्तावेजों की जांच कर सकती है.
mParivahan app के क्या फीचर्स हैं?
- आप इस ऐप में अपनी गाड़ी के कागजात (RC) और ड्राइविंग लाइसेंस की सुरक्षित डिजिटल कॉपी सेव कर सकते हैं.
- यह डिजिटल कॉपी पूरी तरह से असली कागजों की तरह ही मान्य और कानूनी होती है.
- कहीं भी ट्रैफिक चेकिंग होने पर आप बेझिझक अपने फोन से ही ये डॉक्यूमेंट्स दिखा सकते हैं.
- इन्हें साथ रखने के बाद आपको हर जगह असली (फिजिकल) कागजात ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
क्या mParivahan app में वाहन की डिटेल्स मिलेंगी?
- mParivahan ऐप के जरिए आप किसी भी भारतीय गाड़ी का नंबर डालकर उसके बारे में सब कुछ जान सकते हैं.
- इसमें आपको गाड़ी के मालिक का नाम, रजिस्ट्रेशन की तारीख और गाड़ी का मॉडल जैसी जानकारी मिल जाएगी.
- साथ ही आप यह भी चेक कर सकते हैं कि गाड़ी का बीमा (Insurance), फिटनेस और प्रदूषण सर्टिफिकेट (PUC) कब तक वैध है.
घर बैठे ई‑चालान स्टेटस कैसे चेक करें?
- इस ऐप्लकैशन से आप घर बैठे चेक कर सकते हैं कि आपकी गाड़ी पर कोई चालान बकाया तो नहीं है.
- आप नियम टूटने की पूरी जानकारी देख सकते हैं और सीधे ऐप से ही चालान का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं.
- इससे आपको किसी सरकारी दफ्तर जाने की झंझट नहीं होगी और आप समय पर पेमेंट करके जुर्माने से भी बच जाएंगे.