NHAI का बड़ा कदम, अब AI करेगा हाईवे की निगरानी, डैशकैम से तुरंत पकड़ी जाएगी सड़क की खराबी
AI करेगा हाईवे की निगरानी
NHAI AI System: सड़क पर गाड़ी चलाते समय सबसे बड़ी चिंता अचानक सामने आने वाले खतरे होते हैं. जैसे गड्ढे, टूटी-फूटी सड़कें या फिर कहीं से भी आ जाने वाला अतिक्रमण. लेकिन अब इन समस्याओं से राहत मिलने वाली है. देश के नेशनल हाईवे जल्द ही हाईटेक बनने जा रहे हैं, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से हर पल निगरानी की जाएगी. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) करीब 40,000 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों पर AI आधारित डैशकैम मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी में है.
इस तकनीक के जरिए सड़कों की हालत पर रियल टाइम नजर रखी जाएगी, जिससे खराब सड़कों की तुरंत पहचान होगी और उन्हें जल्दी ठीक किया जा सकेगा. साथ ही यह सिस्टम सड़क सुरक्षा को भी मजबूत करेगा और स्मार्ट रोड मैनेजमेंट की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा.
क्या है AI डैशकैम मॉनिटरिंग सिस्टम?
- NHAI का यह नया सिस्टम ‘डैशकैम एनालिटिक्स सर्विसेज (DAS)’ के नाम से जाना जाएगा.
- इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग की मदद से सड़कों पर नजर रखी जाएगी.
- इस योजना के तहत रूट पेट्रोलिंग गाड़ियों (RPVs) में हाई क्वालिटी डैशकैम लगाए जाएंगे.
- ये कैमरे लगातार सड़क की फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करते रहेंगे.
- रिकॉर्ड किया गया डेटा AI सिस्टम के जरिए अपने आप जांचा जाएगा.
- इस तकनीक से सड़क की 30 से ज्यादा तरह की खराबियों को आसानी से पहचान लिया जाएगा.
- इससे इंसानों द्वारा बार-बार जांच करने की जरूरत कम हो जाएगी.
- साथ ही सड़क से जुड़ी समस्याओं का पता पहले से ज्यादा तेजी से चल सकेगा.
किन-किन चीजों पर नजर रखेगा यह सिस्टम?
यह AI सिस्टम सड़कों की हालत पर बारीकी से नजर रखेगा और हर छोटी-बड़ी समस्या को पहचानने में मदद करेगा. इसमें गड्ढे, दरारें और सड़क के टूटे हिस्सों जैसी खराबियों को तुरंत पकड़ा जाएगा. साथ ही लेन मार्किंग, क्रैश बैरियर, स्ट्रीट लाइट और साइन बोर्ड जैसी जरूरी सुविधाओं की भी नियमित जांच होगी. यह तकनीक अवैध अतिक्रमण और सुरक्षा से जुड़े खतरों को भी पहचान सकेगी, जैसे गलत जगह बने कट, बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग या नो पार्किंग एरिया में खड़ी गाड़ियां.
ये भी पढ़ें-रेल यात्री ध्यान दें! 26-27 मार्च को रेलवे का PRS सिस्टम रहेगा बंद, नहीं होगी टिकट बुकिंग
कैसे काम करेगा AI डैशकैम मॉनिटरिंग सिस्टम
- डैशकैम से मिलने वाला सारा डेटा एक सेंट्रल डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भेजा जाएगा.
- यहां AI और स्मार्ट डैशबोर्ड की मदद से इस डेटा का विश्लेषण किया जाएगा.
- अधिकारी रियल टाइम में सड़कों की स्थिति आसानी से देख सकेंगे.
- वे समय के साथ सड़क में हुए बदलावों की तुलना भी कर पाएंगे.
- मरम्मत और मेंटनेंस के काम की प्रगति पर भी नजर रखी जाएगी.
- बेहतर मैनेजमेंट के लिए पूरे हाईवे नेटवर्क को पांच जोन में बांटा जाएगा.
- इससे डेटा को संभालना और निगरानी करना आसान हो जाएगा.
- इस सिस्टम की जानकारी को National Highways Authority of India के सेंट्रल डेटा सिस्टम से जोड़ा जाएगा.