रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी चेतावनी, ड्यूटी पर रील बनाई तो होगी कार्रवाई
रेलवे कर्मचारियों को रील बनाना मना
Railway Employees Reel Ban: आज के सोशल मीडिया के दौर में हर मोबाइल यूजर रील बनाता है और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करता है. रील बनाने के मामले में सरकारी अधिकारी और कर्मचारी भी पीछे नहीं हैं. हाल ही में नॉर्थ सेंट्रल रेलवे (NCR) ने एक आदेश जारी किया है, जिसमें रील बनाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी गई है. विभाग ने आदेश में साफ कहा है कि बिना परमिशन रील बनाने और उससे कमाई करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ निगरानी रखी जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी
ड्यूटी के दौरान रील बनाना पड़ेगा भारी
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे ने कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए आदेश जारी किया है कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन से रील बनाना और सोशल मीडिया पर पोस्ट करना नियमों के खिलाफ है. विभाग ने प्रयागराज, झांसी और आगरा डिवीजन के कर्मचारियों को आदेश जारी कर इस विषय में नियमों की पालन करने को कहा है. इसके अलावा, एनसीआर ने वर्कशॉप के सीनियर अधिकारियों को भी रील बनाने को लेकर नोटिस जारी किया है.
विभाग का कहना है कि जब भी कोई रेलवे कर्मचारी और अधिकारी ड्यूटी के दौरान रील बनाता है और वीडियो अपलोड करता है, तो उससे ध्यान भटक सकता है और ट्रेन के परिचालन में समस्या आ सकती है.
बिना परमिशन शूटिंग की तो होगी सख्त कार्रवाई
रेलवे ने इस मामले में साफ नियम बना दिए हैं. अगर कोई रेलवे स्टेशन, ट्रेन या किसी सामान की वीडियो बनाकर पैसा कमाना चाहता है, तो उसे पहले इजाजत लेनी होगी. जहां जरूरत होगी, वहां तय की गई फीस भी देनी होगी. अगर बिना फीस दिए कमाई वाला वीडियो बनाया गया, तो उस पर जुर्माना लग सकता है.
वहीं पढ़ाई या लोगों को जागरूक करने के लिए वीडियो बनाना हो, तो भी पहले संबंधित अधिकारियों से पर्मिशन लेना जरूरी होगा. जो कर्मचारी रोज सोशल मीडिया पर वीडियो डालते हैं, उन्हें लिखित में बताना होगा कि उन्हें इससे कोई पैसा नहीं मिल रहा है और उनके वीडियो से रेलवे की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है. साथ ही डिवीजन और वर्कशॉप के अधिकारियों को कर्मचारियों के सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रखने के लिए कहा गया है.



