सावधान! अनजान व्यक्ति से UPI पर पैसे लेकर कैश देना पड़ सकता है भारी, बंद हो जाएगा बैंक खाता
यूपीआई
Bank Account Safety Warning: आजकल टेक्नोलॉजी के आने से हमारे बहुत से काम घर बैठे ही आसानी से हो जाते हैं. लेकिन इसके साथ ही इंटरनेट पर होने वाले साइबर क्राइम भी काफी बढ़ गए हैं. अपराधी लोगों को ठगने के लिए हर दिन नए-नए तरीके अपना रहे हैं. आजकल लगभग हर कोई पैसों के लेन-देन के लिए ऑनलाइन पेमेंट का इस्तेमाल कर रहा है. इसी बीच एक नया धोखा सामने आया है, जिसमें कोई अनजान इंसान आपसे कह सकता है कि वह आपके UPI ऐप पर पैसे ट्रांसफर कर रहा है और आप उसके बदले उसे कैश दे दीजिए. पर क्या आप जानते हैं कि ऐसा करने से आप बहुत बड़ी मुसीबत में फंस सकते हैं.
कैसे होता है फ्रॉड?
इसमें एक अनजान व्यक्ति आपके पास आता है और मजबूरी दिखाकर कहता है कि उसे तुरंत कैश की जरूरत है. आपका भरोसा जीतने के लिए वह आपके बैंक खाते में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर भी कर देता है. इसके बाद वह आपसे उतने ही नकद पैसे मांगने लगता है. कई बार लोग उसकी मदद करने के चक्कर में या बात को सच मान कर उसे कैश दे देते हैं, बिना यह जाने कि वह पैसा किसी गलत काम या धोखाधड़ी का भी हो सकता है.
ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी
साइबर अपराधी बहुत चालाक होते हैं. वे चोरी या ठगी का पैसा छुपाने के लिए उसे दूसरों के बैंक खातों में भेज देते हैं. अगर आप किसी अनजान व्यक्ति से अपने अकाउंट में पैसा लेते हैं, तो वह इसी धोखाधड़ी का हिस्सा हो सकता है. जब पुलिस या जांच एजेंसियां उस गलत पैसे की जांच करेंगी, तो उसमें आपका नाम भी आ जाएगा. नतीजा यह होगा कि बिना किसी गलती के आपका बैंक अकाउंट फ्रीज हो सकता है. खाता ब्लॉक होने पर आप अपने ही पैसे नहीं निकाल पाएंगे और बैंकिंग सुविधाओं का इस्तेमाल भी नहीं कर पाएंगे.
ये भी पढ़ें-क्रेडिट कार्ड यूजर्स रहें सावधान! बिल भरने के नाम पर हो रही साइबर ठगी, जानें कैसे बचें
यहां करें शिकायत
जानकारों का कहना है कि हमें कभी भी किसी अनजान इंसान के साथ ऑनलाइन पैसे लेकर कैश बदलने का काम नहीं करना चाहिए. हमेशा अपने UPI ऐप और बैंक खाते के लेन-देन पर नज़र रखें. अगर आपको अपने अकाउंट में कोई भी गड़बड़ी या अनजान पैसा दिखाई दे, तो तुरंत अपने बैंक को बताएं. याद रखें किसी भी तरह के ऑनलाइन धोखे का शिकार होने पर आप तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं.