बैग में रखी चुनौटी सौरभ के लिए बनी चुनौती, 18 लाख भरकर 18 दिनों बाद लौटा घर, जानें पूरा मामला
सौरभ राय
Azamgarh Saurabh Rai Detained in Bahrain: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले सौरभ राय को बैग में चुनौटी, सुर्ती (तंबाकू) और चूना रखना भारी पड़ गया. इसके लिए सौरभ राय को 18 दिनों तक पुलिस हिरासत में रहना पड़ा और 18 लाख रुपए चुनाने के बाद रिहाई मिली. उन्होंने दावा किया कि हिरासत में रखे जाने के दौरान उन्हें 16 डिग्री तापमान वाले कमरे में रखा जाता था. फिलहाल, सौरभ अपने गांव पहुंच गए हैं. जानें क्या है पूरा मामला?
सौरभ आजमगढ़ जिले के अहरौला क्षेत्र के भवरूपुर गांव के रहने वाले हैं, जो 29 अक्तूबर को मुंबई से बहरीन गए थे. इस दौरान जब वे बहरीन एयरपोर्ट पर उतरे, तो उन्हें कस्टम विभाग ने पकड़ लिया. उनके पास जांच के दौरान तंबाकू मिला. जिसके बाद उन्हें पुलिस और सीआईडी के हवाले कर दिया गया. दुबई पुलिस ने उन्हें 18 दिनों तक हिरासत में रखा और 18 लाख रुपए चुकाने के बाद ही रिहाई दी. इस दौरान वे सऊदी अरब, चेन्नई और दिल्ली होते हुए घर पहुंचे.
18 दिनों बाद रखा जुर्माना और जेल का विकल्प
सौरभ राय ने बताया कि उनसे लगातार पूछताछ होती थी और तंबाकू कहां से लाए. इसको लेकर सवाल किए जाते थे. इस दौरान सौरभ को प्रताड़ित करने के लिए काफी ठंडे कमरे में रखा गया और उन्हें सिर्फ एक पतली चादर दी गई. 18 दिनों के बाद उन्हें जुर्माना भरने या जेल की सजा भुगतने का विकल्प दिया. जिसके बाद सौरभ ने परिवार से बात की और पैसे भेजकर रिहा हुआ.
बहरीन जाने पर भी प्रतिबंध
सौरभ के परिवार ने छुड़ाने के लिए फीस के रूप में 7200 बहरीन दीनार दिए यानी कि 18 लाख भारतीय रुपए. वहां से लौटने के बाद वे बीमार चल रहे हैं. जिनका इलाज जारी है. परिवार ने सौरभ के सुरक्षित घर वापस लौटने पर जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है. बताया जा रहा है कि सौरभ के बहरीन जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है.



