‘बेटी के साथ खड़ा हूं, लेकिन उसके ससुराल पक्ष से सारे रिश्ते खत्म’, दामाद-समधी की गिरफ्तारी के बाद छलका BJP विधायक का दर्द
सीतापुर जिले के सेउता विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक ज्ञान तिवारी और उनकी बेटी
Son-in-Law Samdhi Arrested Case: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सेउता विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने बेटी के ससुराल पक्ष वालों से सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान किया है. विधायक ने यह फैसला अपने समधी और दामाद की गिरफ्तारी के बाद लिया है. उनके दामाद और समधी पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी नाम और पहचान के जरिए शादी की है. विधायक ने आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए कहा कि अब ऐसे परिवार के रिश्ता नहीं रख सकते हैं.
बता दें, विधायक के समधी अनुज त्रिवेदी पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी नाम और पहचान के सहारे 25 शादियां कर ली है. विधायक ने आरोप लगाया कि इसी तर्ज पर बेटे ने भी कई शादियां की है. हालांकि, इस मामले के सामने आने के बाद दोनों की गिरफ्तारियां हो गई हैं. विधायक ने गुरुवार को अपनी बेटी के साथ फेसबुक पर लाइव आकर दर्द बयां किया और कहा कि वे अपने आपको ठगा महसूस कर रहे हैं.
25 महिलाओं से शादी करने का आरोप
विधायक ने कहा कि उन्होंने पढ़ा लिखाकर अपनी बेटी को डाक्टर बनाया है. वह आत्मनिर्भर है और कमाकर खा लेगी. उसके लिए वह मकान भी बनवाकर देंगे. विधायक ने बताया कि अनुज त्रिवेदी पर 25 महिलाओं से शादी करके ठगी करने का आरोप है. इनमें अलग-अलग राज्यों की महिलाएं हैं. साल 2024 में अपनी बेटी की शादी अनुज के बेटे प्रखर के साथ की थी. उस दौरान बिल्कुल भी इसकी जानकारी नहीं थी. जैसे ही इस घटना की जानकारी लगी. अपने आपको ठगा महसूस कर रहा हूं.
ये भी पढ़ेंः ’12 बजे तक सोते थे, 7 बजे महफिल…’, ‘बबुआ’ कहकर CM योगी ने अखिलेश पर साधा निशाना
आरोपियों को फांसी दिलाने की मांग
विधायक ज्ञान तिवारी ने मांग की है कि जिन भी महिलाओं के साथ धोखाधड़ी और उत्पीड़न हुआ है. उन्हें कानून के जरिए न्याय मिलना चाहिए. आरोपियों के साथ किसी भी हाल में नरमी नहीं बरती जानी चाहिए. उन्हें फांसी की सजा दी जाए. फिलहाल, विधायक ने बेटी के ससुरालवालों से अपने सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान किया है.