दरवाजे पर बारात और दुल्हन हुई फरार, बैरंग लौटे बराती, युवती को भगाने वाला मसूक अहमद गिरफ्तार
बारात घर पहुंचने के बाद दुल्हन फरार (File Photo)
Masook Ahmad Arrested UP: दुल्हन सज गई, बारात पहुंच गई और बाराती नाचते गाते हुए दुल्हन के दरवाजे तक पहुंच गए, लेकिन इस दौरान कुछ ऐसा हुआ कि हर कोई हैरान रह गया. यह मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर का है. जहां दरवाजे पर खड़ी बारात के सामने अचानक दुल्हन के गायब होने की खबर से अफरा-तफरी मच गई. जिसके बाद बारातियों को बिना खाना खाए ही वापस लौटना पड़ा. फिलहाल, परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती को भगाकर ले जाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, फतेहपुर की रहने वाली 21 वर्षीय युवती राधा देवी की बारात आगमन के दौरान गायब होने की सूचना मिली थी. परिजनों ने बताया कि गांव के ही मसूक अहमद ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. खबर मिलते ही हड़कंप मच गया और बाराती भी बिना खाना खाए ही लौट गए. पहले तो परिजनों ने रातभर खूब तलाश की. लेकिन जब कहीं नहीं मिली, तो फिर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई.
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
युवती के परिजनों की शिकायत के आधार पर मसूक अहमद पुत्र महबूब और मंजूर अहमद पर मामला दर्ज कर लिया गया. आरोपियों पर बहला-फुसलाकर अपने साथ जाने पर बीएनएस की धारा 87, 61(2) और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3 (2)(v) के तहत मामला दर्ज हुआ है. इस दौरान हिंदू संगठन भी सक्रिय हो गए हैं और आरोपियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बुलडोजर कार्रवाई की मांग की. हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले को लेकर फतेहपुर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश और क्षेत्राधिकारी थरियांव दुर्गेश दीप की अगुआई में हथगाम थाना पुलिस ने आरोपी मसूक अहमद को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही युवती को भी बरामद कर लिया. युवती अब परिजनों के पास है. फिलहाल, पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है.



