‘एक रुपया बाकी है…’ इतना सुनते ही भड़के दबंग, पेट्रोल पंप कर्मचारी की कर दी पिटाई

Ghaziabad news: गाजियाबाद के मुरादनगर में डीजल के ₹1 बकाया मांगने पर मथुरापुर के ग्राम प्रधान झब्बर सिंह, उसके भाई और भांजे ने सेल्समैन रिंकू की बेरहमी से पिटाई कर दी. इसका वीड‍ियो अब सोशल मीड‍िया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट

पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट

Ghaziabad news: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दबंगई का हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां महज 1 रुपये के विवाद ने पेट्रोल पंप को मारपीट के अखाड़े में बदल दिया. घटना मुरादनगर थाना क्षेत्र के भिक्कनपुर गांव स्थित एक पेट्रोल पंप की बताई जा रही है. यहां डीजल भरवाने आए कुछ लोगों ने पहले सेल्समैन से बहस की और फिर थोड़ी देर बाद अपने साथियों के साथ लौटकर कर्मचारी पर हमला कर दिया. पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के मुताबिक पेट्रोल पंप पर एक युवक ने अपनी गाड़ी में 1001 रुपये का डीजल भरवाया था. आरोप है कि उसने भुगतान केवल 1000 रुपये का किया. जब वहां मौजूद सेल्समैन रिंकू ने बाकी 1 रुपया मांगा तो युवक नाराज हो गया. पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर आरोपी वहां से चला गया.

लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ. कुछ देर बाद आरोपी अपने कई साथियों और रिश्तेदारों को लेकर दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचा. आरोप है कि आते ही उन्होंने सेल्समैन को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की. वायरल वीडियो में कई लोग कर्मचारी को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं. पेट्रोल पंप पर मौजूद दूसरे कर्मचारियों और लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन दबंगों ने किसी की नहीं सुनी.

सेल्समैन ने दर्ज कराई शिकायत

मारपीट में घायल सेल्समैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित का आरोप है कि हमलावर खुद को प्रभावशाली लोग बता रहे थे और धमकी भी दे रहे थे. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

पूरे मामले को लेकर पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज कब्जे में ले ली गई है और मामले की जांच की जा रही है. वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सिर्फ 1 रुपये के लिए किसी को इस तरह पीटना कहां तक सही है. वहीं कई यूजर्स ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है.

ये भी पढ़ें:Uttar Pradesh Panchayat Poll: यूपी में विधानसभा चुनाव के पहले या बाद कब होंगे पंचायत चुनाव? CM योगी ने प्रधानों को बनाया प्रशासक

ज़रूर पढ़ें