ब्रिगेडियर की वर्दी, 2 कमांडो और गाड़ी पर फ्लैग, 21 साल के युवक का फर्जी सैन्य साम्राज्य देख पुलिस भी हैरान
फर्जी ब्रिगेडियर
यूपी के शाहजहांपुर के फर्जी ब्रिगेडियर की चर्चा इन दिनों चारों तरफ हो रही हैं. खासतौर पर जब से 21 साल के इस सेना की ब्रिगेडियर की हकीकत सामने आई है तब से तब हर कोई हैरान है. जब ये युवक पकड़ा गया तो उसने जो कहानी पुलिस की पूछताछ में बताई उससे सुनकर पुलिस महकमा भी हैरान है. आइए जानते है कि क्या है पूरा मामला?
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र का मामला
दरअसल ये पूरा मामला शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र का है. यहां पर आर्यन वर्मा नाम का एक युवक सेना की वर्दी पहनकर घूमता हुआ पकड़ा गया है. आर्यन के पास सेना के बड़े अधिकारी की पहचान साबित करने जैसे कई डॉक्यूमेंट भी मिले हैं. फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
टाटा हैरियर कार से चलता था फर्जी ब्रिगेडियर
पुलिस ने बताया है कि, आर्यन वर्मा दुर्गा एन्क्लेव का रहने वाला है. वह टाटा हैरियर कार में सवार होकर हर जगह घूमता है. उसकी कार में वन स्टार प्लेट लगी हुई और एएचक्यू का झंडा भी लगा हुआ था. इन सब के साथ वह ये दर्शाने की कोशिश करता था कि वह सेना का एक बड़ा अधिकारी है. उसके साथ दो और लोग रहते थे जो अपने आप को एनएसजी कमांडो कहते थे.
जब टीम ने युवक और उसके साथियों की तलाशी ली तो कई चौंकाने वाली चीजें बरामद हुईं. उसके पास सेना के ब्रिगेडियर का फर्जी पहचान पत्र, एक नकली पिस्तौल और एएमसी (AMC) रेजिमेंटल केन यानी छड़ी बरामद हुई.
पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आर्यन वर्मा ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया. आर्यन वर्मा ने बताया कि उसका सपना Armed Forces Medical College (AFMC) में डॉक्टर बनने का था. इसके लिए उसने NEET परीक्षा भी दी थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया. आर्यन बताया कि उसकी मां दिल की मरीज है और वह परीक्षा में असफल होकर उनको निराश नहीं करना चाहता था.
बस इसीलिए उसने अपनी मां से झूठ बोल दिया कि उसका एएफएमसी में चयन हो गया है और वह सेना से जुड़ गया है. इसी झूठ को सच साबित करने के लिए उसने सेना की वर्दी खरीदी और अन्य समान जुटा कर ब्रिगेडियर की तरह रहना शुरू कर दिया.
ये भी पढे़ं- MP News: बालिग युवती को प्रेमी संग रहने की आजादी, हाई कोर्ट ने कहा- लिव-इन को शादी नहीं माना जाएगा