‘मेरी बीवी नहीं रही अब मैं भी…’, पत्नी की मौत की खबर सुनते ही टूट गया फौजी, उन्नाव में एक साथ उठी दो अर्थियां
उन्नाव में पत्नी की सूचना के बाद पति ने भी आत्महत्या
Soldier Ends Life After Wife Death: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में पारिवारिक कलह की वजह से एक महिला ने फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी. लेकिन जैसे ही महिला के मौत की जानकारी उसके पति को लगी, तो उन्होंने भी आत्महत्या कर जान दे दी. पति आर्मी में नौकरी कर रहे थे, जिन्होंने कोलकाता में ड्यूटी के दौरान ही जान दे दी. इस दोहरी मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी.
यह मामला उन्नाव जिले के बीघापुर थाना क्षेत्र के दादामऊ का है. जहां सेना के सूबेदार शैलेंद्र कुमार कोलकाता में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे, तभी उनके पास मंगलवार की रात सूचना मिली की उनकी पत्नी ने फंदे पर लटककर जान दे दी. यह सुनते ही उन्होंने भी आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मृतका की मौत के बाद उनके मायके वालों ने शैलेंद्र के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया और पुलिस से शिकायत भी की. लेकिन तब तक शैलेंद्र ने भी जान दे दी.
10 साल पहले हुई थी शादी
मृतका के भाई अनुज मिश्रा का कहना है कि बहन की हत्या कर दी गई है. पुलिस को इस घटना में हर एंगल से जांच करनी चाहिए. उन्होंने बताया कि दोनों की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी. दोनों के बच्चे भी हैं, लेकिन पारिवारिक वजहों से दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था. इसी बीच साधना पांडेय की मौत हो गई. मौत के बाद बीघापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
आत्महत्या से पहले का ऑडियो Viral
सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जो दावा किया जा रहा है कि पत्नी की मौत की सूचना मिलने के बाद शैलेंद्र कुमार का है. जिसमें शैलेंद्र कुमार मौत से पहले बोले, पांडे जी, मेरी बीबी नहीं रही तो मैं भी नहीं रहा. इसमें मेरे घरवालों की कोई गलती नहीं है. जो भी हुआ दोनों की मिसअंडरस्टैंडिंग की वजह से हुआ. फिलहाल, इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर छा गई है. पुलिस भी जांच करने में जुट गई है.