यूपी चुनाव से पहले JDU-LJP ने बढ़ाई सियासी हलचल, विरोध में उतरे मंत्री राजभर, इस चुनौती से कैसे निपटेगी BJP?
यूपी चुनाव से पहले JDU-LJP ने बढ़ाई सियासी हलचल, विरोध में उतरे मंत्री राजभर
OP Rajbhar Opposes JDU LJP Entry: उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले बिहार के दो प्रमुख दल JDU-LJP ने सियासी हलचल तेज कर दी है. इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है. बिहार की पार्टी की यूपी में एंट्री को लेकर योगी के मंत्री राजभर ने खुलकर विरोध करना शुरू कर दिया है. आखिर क्या वजह है कि एनडीए के सहयोगी दल बिहार की पार्टियों को यूपी में नहीं लाना चाहते हैं?
यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए बिहार में एनडीए के सहयोगी नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (JDU) और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी ऐलान कर दिया है. यानी दोनों पार्टियां यूपी में भी चुनाव लड़ने के मूड में हैं और तैयारियां भी शुरू कर दी हैं. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पहले भी बयान दे चुके हैं कि उनकी पार्टी यूपी चुनाव जरूर लड़ेगी. अगर गठबंधन में शामिल किया गया तो ठीक, नहीं तो अकेले चुनाव लड़ेगी.
विरोध में उतरे योगी के मंत्री
बिहार के दोनों दलों के चुनावी ऐलान के बाद योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर के सुर बदल गए हैं और वो खुलकर विरोध करने लगे हैं. उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी सूरत में बिहार के दलों को यूपी में एनडीए के अंदर जगह नहीं मिलेगी. हालांकि, अभी तक भाजपा की ओर से इस पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन राजभर के बयान ने सियासी पारा हाई कर दिया है. बड़ा सवाल अब यह है कि आखिर क्यों बिहार के सहयोगी दलों को यूपी में साथ नहीं लाया जा रहा है.
क्यों विरोध कर रहे राजभर?
यूपी चुनाव में भाजपा ने कई क्षेत्रीय दलों से गठबंधन किया है. जिनकी जमीन पकड़ काफी मजबूत मानी जा रही है. इसके अलावा जातीय फैक्टर चाहे वह पिछड़ा वर्ग हो या दलित सभी को साधने के लिए क्षेत्रीय पार्टियों को शामिल किया गया है. माना जा रहा है कि अगर बिहार के दल भी यूपी चुनाव में एंट्री करते हैं तो उनका भी फोकस पिछड़ा वोट और दलित वोटर्स पर रहेगा. राजभर ने कहा कि बिहार के दलों की यूपी में कोई जरूरत नहीं है.
अगर JDU-LJP यूपी में एंट्री करते हैं, तो भाजपा को इन्हें भी कुछ सीटें देनी पड़ेंगी. ऐसे में उन सहयोगी दलों की सीटें कम हो सकती हैं, जिनकी जमीनी पकड़ काफी मजबूत है. हालांकि, अभी तक सीट बंटवारा तय नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि 403 विधानसभा सीटों में 60 सीटें सहयोगी दलों को दी जाएंगी. अब भाजपा के बड़ी चुनौती बन गई है कि आखिर इस मामले को कैसे निपटाया जाए. क्योंकि दोनों दल भी एनडीए के घटक हैं.



