उत्तर प्रदेश में 2027 के लिए कमान संभालेंगी प्र‍ियंका, अखिलेश के साथ गठबंधन का निकालेंगी रास्ता

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस एक बार फ‍िर प्र‍ियंका गांधी को कमान सौंपेगी. वही समाजवादी पार्टी से सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत करेंगी.
priyanka gandhi and akhilesh yadav (1)

प्र‍ियंका गांधी और अख‍िलेश यादव

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस भी एक्‍ट‍िव नजर आ रही है. यही वजह है कि अब संगठन को एक्‍ट‍िव करने की पूरी तैयारी कर ली गई है. पार्टी एक बार फिर राज्य की राजनीति में अपनी खोई हुई जमीन हासिल करना चाहती है. इस रणनीति में प्रियंका गांधी की भूमिका अहम मानी जा रही है. कांग्रेस उनके जरिए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की तैयारी कर रही है.

प्रियंका गांधी की सक्रियता इस बार केवल चुनाव प्रचार तक सीमित नहीं रहने वाली है. वह संगठन की तैयारियों के साथ समाजवादी पार्टी से गठबंधन और सीटों के बंटवारे में भी अहम भूमिका निभा सकती हैं.

चार समितियों के जरिए चुनावी तैयारी

कांग्रेस ने मिशन 2027 के लिए चार महत्वपूर्ण समितियां बनाने की योजना तैयार की है. इनमें चुनाव प्रबंधन, घोषणापत्र, प्रचार और गठबंधन समन्वय से जुड़ी समितियां शामिल हैं. इन समितियों में शामिल होने वाले नेताओं के नाम तय किए जा रहे हैं. प्रस्तावित सूची कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजी जाएगी. दिवाली के बाद इनके गठन का ऐलान हो सकता है.

प्रियंका गांधी ने यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और दूसरे वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की है.

सपा से सीटों के बंटवारे पर नजर

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन की संभावनाएं बनी हुई हैं, लेकिन सीटों का बंटवारा सबसे बड़ी चुनौती है. कांग्रेस यूपी में 125 से ज्यादा सीटों पर दावा करना चाहती है. पार्टी का तर्क है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उसके प्रदर्शन में सुधार हुआ और कई विधानसभा क्षेत्रों में उसे बढ़त मिली थी.

वहीं, अखिलेश यादव की कोशिश ज्यादा सीटों पर सपा को चुनाव लड़ाने की होगी. ऐसे में दोनों दलों के बीच बातचीत महत्वपूर्ण हो गई है.

अखिलेश से बात कर सकती हैं प्रियंका

कांग्रेस की रणनीति में प्रियंका गांधी की भूमिका इसलिए भी अहम है, क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान सीटों को लेकर बनी असहमति को दूर करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. अब 2027 के लिए भी अखिलेश यादव के साथ सीधे बातचीत की जिम्मेदारी उन्हें मिल सकती है.

कांग्रेस प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी रैलियां करने की तैयारी भी कर रही है. इनमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल हो सकते हैं. पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करना और सपा के साथ मजबूत गठबंधन तैयार करना है.

बातचीत हो पाएगी सफल?

सीटों के बंटवारे को लेकर लंबे समय से अटकलें चलती आ रही हैं. ऐसा कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने साफ कह द‍िया है कि वह कम सीटों पर समझौता नहीं करेगी. तो वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी भी अपनी बात पर कायम नजर आ रही है. ऐसे में यह माना जा रहा है कि अब सीटों के इस पेंच को प्र‍ियंका और अख‍िलेश ही बातचीत के जरिए सुलझा सकते हैं.

दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी भी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच चल रही बातचीत पर नजर बनाए हुए हैं. ताकि इसको जनता के बीच ले जाकर द‍िखाया जा सके कि चुनाव से पहले ही इनका ये हाल है तो बाद में क्‍या होगा.

ये भी पढ़ें:

ज़रूर पढ़ें