जयमाल के बीच ‘फौजी दूल्हे’ को देखते ही दुल्हन ने लौटाई बारात, पोल खुलते ही परिजनों ने जमकर पीटा, जानें पूरा मामला
हरदोई में फर्जी दूल्हे का खुलासा होते ही शादी कैंसिल
UP News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शादी के दौरान दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे की पिटाई कर दी और फिर शादी भी कैंसिल कर दी गई. दूल्हा मध्य प्रदेश से दुल्हनिया लेने यूपी के हरदोई गया था, लेकिन बिना दु्ल्हन के ही लौट आया. दुल्हन ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है. उसका कहना है कि शादी राहुल मिश्रा से तय हुई थी, लेकिन बारात लेकर देवेंद्र सिंह परिहार आया. हालांकि, बवाल बढ़ते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला और 9 लोगों को हिरासत में लिया है. जानें क्या था पूरा मामला?
दरअसल, हरदोई की रहने वाली एक अधिवक्ता युवती की शादी सोशल मीडिया के माध्यम से राहुल मिश्रा से तय हुई थी. राहुल मिश्रा अपने आप को आर्मी में होना बताया था. युवती ने भी आर्मी में होने की वजह से अपने परिजनों को शादी के लिए राजी किया और जब दूल्हा शादी करने पहुंचा तो हर कोई हैरान रह गया. यह घटना 12 और 13 मई की रात की है.
पहचान उजागर होते ही परिजनों ने की जमकर कुटाई
छतरपुर का रहने वाला दूल्हा जब बारात लेकर हरदोई पहुंचा, तो पूरी रीति-रिवाज के साथ शादी की रश्में शुरू हो गईं. जब दूल्हा-दुल्हन दोनों जयमाल पर पहुंचने वाले थे. इसी दौरान दुल्हन को दूल्हे पर शक हुआ. उसके हाव-भाव को देखते हुए लड़की पक्ष के लोगों ने कड़ाई से पूछताछ करना शुरू कर दिया. इस दौरान जो बात पता चली, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. पूछताछ के दौरान पता चला कि दूल्हे का नाम राहुल मिश्रा नहीं, बल्कि देवेंद्र सिंह परिहार है. यह सुनते ही परिजनों ने पिटाई शुरू कर दी और पुलिस को बुलाकर सौंप दिया. दु्ल्हन ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया, तो वहीं दूल्हे ने कुछ और बात बताई.
ये भी पढ़ेंः लखनऊ में जाम से मिलेगा छुटकारा, 14 किमी लंबी 6 लेन सड़क बनाने को योगी सरकार ने दी मंजूरी
9 लोगों को हिरासत में लिया
दूल्हे ने सफाई देते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहीं है. हमारी बातचीत प्रिया (दुल्हन) से करीब 4-5 महीने पहले शुरू हुई थी. तब से दोनों लोग लगातार संपर्क में हैं. एक बार होटल में बुलाकर स्वागत भी किया गया, लेकिन अब पहचानने से भी इनकार कर दिया. उसने यह भी दावा किया कि वह किसी राहुल नाम के आदमी को भी नहीं जानता. फिलहाल, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हर एंगल से जांच करना शुरू कर दिया है. अब तक 9 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है.