कौन है कन्हैया गुलाटी, 5 प्रतिशत ब्याज का लालच देकर ठगे 800 करोड़, अब ‘Zoom मीटिंग’ की रिकॉर्डिंग से हड़कंप
कन्हैया गुलाटी (File Photo)
Rs 800 Crore Fraud Case: उत्तर प्रदेश में एक युवक ने लोगों को 5 प्रतिशत ब्याज का लालच देकर 800 करोड़ रुपए की ठगी कर ली. हालांकि, मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ 50 हजार रुपए का इनाम रख दिया और लुकआउट नोटिस भी जारी किया है. इसी बीच कथित आरोपी की एक Zoom मीटिंग की रिकॉर्डिंग वायरल हुई है, जिसने सबको हैरान कर दिया. मीटिंग के दौरान एक व्यक्ति ने DIG से बात होने का दावा किया और उसने कई पुलिस अधिकारियों का भी जिक्र किया. फिलहाल, आरोपी के खिलाफ जांच जारी है. जानें क्या है पूरा मामला.
जानकारी के अनुसार, कथित तौर पर ठगी के आरोपी कन्हैया गुलाटी पर करीब 80 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने विदेश भागने की संभावना को देखते हुए उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है. पुलिस ने बताया कि कन्हैया गुलाटी ने निवेशकों को मोटे लाभ का लालच दिया और पैसा इन्वेस्ट कराया. निवेशकों को लालच दिया कि उन्हें 5 प्रतिशत महीना ब्याज दिया जाएगा और 22 महीना पूरा होने पर जमा पूरी रकम भी वापस कर दी जाएगी.
आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती
आरोपी ने शुरू में लोगों का विश्वास जीतने के लिए कुछ महीनों तक पैसे भी दिए, लेकिन धीरे-धीरे पैसे देने बंद कर दिए. इस दौरान लोगों ने मुकदमे दर्ज करा दिए. निवेशकों की सबसे बड़ी चिंता अपनी रकम वापस पाने की है. अब तक सामने आए मामलों और मुकदमों के बीच कन्हैया की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है. लेकिन इसी बीच आरोपी के Zoom मीटिंग की स्क्रीन रिकॉर्डिंग सामने आ गई. जिसने सबको हैरान कर दिया.
Zoom मीटिंग की स्क्रीन रिकॉर्डिंग से मचा हड़कंप
कथित तौर पर आरोपी की Zoom मीटिंग की स्क्रीन रिकॉर्डिंग सामने आ गई, जिसमें कन्हैया अपने एजेंटों से बातचीत करते नजर आ रहा है. इसी बीच एक व्यक्ति ने कई पुलिस अधिकारियों का जिक्र किया और DIG अजय साहनी से भी बात होने का दावा किया. हालांकि DIG ने आरोपियों को पहचानने से इनकार कर दिया है.
ये भी पढे़ंः चले थे गुड्डू पंडित बनने, उतर गया भूत! आगरा में दो युवकों ने लगाया घोड़े का इंजेक्शन, फिर भी नहीं जीत पाए दौड़
Zoom में क्या बात हुई?
Zoom मीटिंग के दौरान एक विनय नाम का व्यक्ति मुख्य आरोपी से कहते सुनाई देता है कि आप बरेली मत आना. बरेली DIG से 15 मिनट तक बातचीत हुई है. इसके बाद उसने कई बड़े पुलिस अधिकारियों का नाम लिया. अब इस रिकॉर्डिंग के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश और तेज कर दी है.