असदुद्दीन ओवैसी पर जमकर बरसे सीएम योगी, बोले- ‘हैदराबाद का एक मौलाना मचल रहा’
सीएम योगी आदित्यनाथ (File Photo)
Hyderabad Maulana Remark: यूपी चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार विपक्ष पर हमलावर हैं. आज गुरुवार को उन्होंने AIMIM के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी पर जमकर निशाना साधा. हालांकि, इस दौरान उन्होंने नाम नहीं लिया. बता दें, ओवैसी ने विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद की पार्टी से गठबंधन कर चुनावी हुंकार भरी है. जिसके बाद सीएम योगी ने बिना नाम लिए ही उसे जमकर खरी-खोटी सुनाई है. जानें सीएम योगी ने क्या कहा?
दरअसल, सीएम योगी अपने चुनावी क्षेत्र गोरखपुर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी पर जमकर निशाना साधा. सीएम योगी ने कहा कि हैदराबाद से आया हुआ एक मौलाना फिलहाल ज्यादा सक्रिय हैं और काफी मचल रहा है. लेकिन चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. चुनावी परिणाम का इंतजार करें. सबकुछ साफ हो जाएगा.
विपक्ष पर जमकर साधा निशाना
सीएम योगी ने इस दौरान ओवैसी का बिना नाम लिए तंज कसा और कहा कि चुनाव के समय हैदराबाद भाग्यलक्ष्मीपुरम बनेगा. इस दौरान सीएम योगी ने सभी विपक्षी दलों को एक ही थैली के चट्टे-बट्टे बताया और कहा कि जब भी इन्हें सत्ता में रहने का मौका मिला, प्रदेश में अराजकता फैलाई और विकास के नाम पर खूब लूट-खसोट की.
403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AIMIM और ASP
सीएम ने आगे कहा कि विपक्षी नेताओं को प्रदेश को इतना लूटा कि उनकी कई पीढ़ियां आराम से रह सकती हैं. पिछली सरकारों में गुंडागर्दी चरम पर थी और सरकार दंगाइयों के सामने नतमस्तक थी. क्योंकि सरकार को न तो देश की चिंता थी और न ही प्रदेश की. फिलहाल, चंद्रशेखर और ओवैसी की पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद सियासी हलचल तेज कर दी है.



