‘सुरक्षित हाथों में भारतीय, चिंता न करें…’, होर्मुज से गुजरने की छूट के बाद ईरान का ‘दोस्त’ भारत को मैसेज
भारत के साथ दोस्ती निभा रहा ईरान
Israel Iran America War: ईरान-इजरायल-अमेरिका जंग के कारण पूरी दुनियाभर के हालात तेजी से खराब हो रहे हैं. इस जंग के कारण बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक भी जंग प्रभावित देशों में फंसे हुए हैं. यही वजह है कि भारत में मौजूद उनके परिजनों की चिंता सामने आ रही है. इन सब के बीच ईरान ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया है. ईरान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारतीय नागरिक सुरक्षित हाथों में हैं और चिंता की कोई बात नहीं है.
सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों और युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में फंसे भारतीयों को लेकर ईरान ने अपना रुख स्पष्ट किया है. दूतावास ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “हमारे भारतीय दोस्त सुरक्षित हाथों में हैं, चिंता की कोई बात नहीं है.” पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालातों के बीच तेहरान ने भारत को बड़ा आश्वासन दिया है.
क्यों खास है ईरान का यह बयान?
ईरान की तरफ से यह बयान ऐसे समय में आया है, जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव तेजी से बढ़ता जा रहा है. इस जंक को रोकने को लेकर अब तक किसी भी तरफ से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है. जिससे स्थिति बिगड़ती जा रही हैं. हालांकि ईरान का यह बयान काफी राहत देने वाला है. ऐसा इसलिए क्योंकि इस जंग में अब तक कई भारतीय नागरिक घायल हो चुके हैं तो कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.
क्या है भारत का बयान?
ईरान-इजरायल संघर्ष को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि तेहरान में मौजूद भारतीय दूतावास ने अब तक 818 छात्रों सहित 1,171 भारतीय नागरिकों को ईरान से बाहर निकालने में मदद की है. जंग के बीच भी भारतीय नागरिक लगातार वापस भारत आ रहे हैं. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी को जब संघर्ष शुरू हुई थी उस समय लगभग 9,000 भारतीय ईरान में मौजूद थे. जिनमे से बड़ी संख्या में लोग वापस आ चुके हैं तो कई लोगों को वहां से भारत लाने की कोशिश की जा रही है.
ईरान ने भारत को बताया दोस्त
जंग की शुरुआत से ही ईरान का रुख भारत के प्रति अच्छा रहा है. भारतीय सहयोग को लेकर भी ईरान ने भारत का धन्यवाद किया है. इसके साथ ही दोस्ती का हाथ बढ़ाते हुए भारतीय जहाजों को होर्मुज से निकलने की इजाजत दी है. अब तक भारत के कई जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार करके भारत पहुंच चुके हैं. ईरान ने केवल भारत के साथ चीन, रूस, इराक और पाकिस्तान के जहाजों को ही निकलने की इजाजत दी है.