MP में चेकिंग के नाम पर नहीं होगी अवैध वसूली, टोल प्लाजा कैमरों से होगी निगरानी, ई-डिटेक्शन सेल से सीधे जारी होंगे चालान

परिवहन सचिव मनीष सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं. आदेश के अनुसार, NIC की ई-डिटेक्शन प्रणाली को प्रदेश के नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे के टोल बूथों और अन्य शासकीय विभागों के साथ एकीकृत किया जाएगा.
Symbolic picture.

सांकेतिक तस्वीर.

MP News: मध्यप्रदेश में अब सड़क पर चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली पर रोक लगेगी. राज्य सरकार ने ई-डिटेक्शन सेल को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) की ई-डिटेक्शन प्रणाली के माध्यम से उत्पन्न ई-चालान जारी करने के लिए अधिकृत कर दिया है. नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे के टोल प्लाजा पर लगाए गए कैमरों के जरिए वाहनों की निगरानी की जाएगी और वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर सीधे ई-चालान जारी होंगे.

वाहनों के दस्तावेज की वैधता का सत्यापन ऑनलाइन होगा

परिवहन सचिव मनीष सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं. आदेश के अनुसार, NIC की ई-डिटेक्शन प्रणाली को प्रदेश के नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे के टोल बूथों और अन्य शासकीय विभागों के साथ एकीकृत किया जाएगा. टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों के दस्तावेजों की वैधता का सत्यापन स्वतः ऑनलाइन हो जाएगा. अगर किसी वाहन के दस्तावेज अवैध या अमान्य पाए जाते हैं, तो परिवहन आयुक्त मध्यप्रदेश द्वारा नामित ई-डिटेक्शन सेल के अधिकारी मोटरयान अधिनियम के तहत ई-चालान जारी करेंगे. ऐसे मामलों में वाहन चालकों को नियमानुसार जुर्माना और दंड जमा करना होगा.

कैसे बनेगा ई-चालान

मध्य प्रदेश में वर्तमान में स्टेट हाईवे पर लगभग 110 टोल प्लाजा संचालित हैं, जबकि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के 97 टोल प्लाजा प्रदेश में मौजूद हैं. इन टोल प्लाजा से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं. अब हर टोल प्लाजा पर लगाए गए हाई-रेजॉल्यूशन कैमरे वाहनों के नंबर प्लेट को स्कैन करेंगे. वाहन जैसे ही टोल से गुजरेगा, कैमरे उसका नंबर पढ़कर डाटा को NIC के सेंट्रल सर्वर पर भेज देंगे. इसके बाद वाहन से जुड़े दस्तावेजों की वैधता जांची जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर स्वचालित रूप से ई-चालान जारी होगा.

शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे नए परिवहन आयुक्त

मध्यप्रदेश के नवनियुक्त परिवहन आयुक्त उमेश जोगा शुक्रवार 6 फरवरी को अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे. हाल ही में हुई आईपीएस अधिकारियों की प्रशासनिक सर्जरी में उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उमेश जोगा को परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है. वे वर्तमान परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा का स्थान लेंगे. उमेश जोगा के स्थान पर उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नियुक्त किए गए राकेश गुप्ता भी शुक्रवार को उज्जैन में कार्यभार संभालेंगे. उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद उमेश जोगा को उज्जैन से रिलीव किया जाएगा और वे भोपाल पहुंचकर परिवहन आयुक्त का पदभार संभालेंगे.

ये भी पढे़ं: MP News: भोपाल गैस त्रासदी केस की सुनवाई कोहरे ने रोकी! डॉव केमिकल को 26 फरवरी तक आखिरी मोहलत

ज़रूर पढ़ें