Holi Special Trains: होली पर रेलवे ने दी यात्रियों को बड़ी राहत, रीवा-भोपाल रूट पर दौड़ेगी 6 स्पेशल ट्रेनें, फटाफट मिलेंगे टिकट
रीवा-भोपाल रूट पर होली के दौरान चलेगी 6 स्पेशल ट्रेनें
Holi Special Trains: मार्च के शुरु होते ही पहले सप्ताह में रंगों का त्योहार होली आने वाला है. होली के मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर रवाना होते हैं, जिससे ट्रेनों में भीड़ काफी बढ़ जाती है और टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. यात्रियों की इस परेशानी को देखते हुए रेलवे ने हर साल की तरह इस बार भी होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का फैसला किया है. पश्चिम मध्य रेलवे ने विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को राहत देते हुए रीवा और भोपाल के बीच छह स्पेशल ट्रेनों की सुविधा देने की घोषणा की है.
होली के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन
होली इस साल 3 मार्च को मनाई जाएगी. त्योहार से पहले और बाद में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि लोगों को अपने घर पहुंचने और वापस लौटने में परेशानी न हो. रीवा और आसपास के विंध्य क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में कामकाज के सिलसिले में रहते हैं. हर साल होली जैसे त्योहारों पर वे अपने घर लौटते हैं, जिससे ट्रेनों में यात्रियों का दबाव काफी बढ़ जाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह व्यवस्था की है.
रीवा-भोपाल के बीच होली स्पेशल ट्रेन
- ट्रेन नंबर 02192 रीवा से रानी कमलापति के बीच साप्ताहिक चलेगी. यह 28 फरवरी से दोपहर 12:30 बजे रीवा से रवाना होकर रात 9:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी.
- वापसी में ट्रेन नंबर 02191 रानी कमलापति से रीवा के बीच 28 फरवरी से ही साप्ताहिक चलाई जाएगी, जो रात 10:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:30 बजे रीवा पहुंचेगी.
- ये ट्रेनें सतना, मैहर, कटनी, मुड़वारा, दमोह, सागर, बिना और विदिशा स्टेशनों पर रुकेंगी.
सप्ताह में दो दिन चलेगी ये स्पेशल ट्रेन
- इसी तरह ट्रेन नंबर 02186 रीवा से रानी कमलापति के बीच 2 और 3 मार्च को सप्ताह में दो दिन चलेगी. यह दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर रात 9:15 बजे पहुंचेगी.
- वापसी में ट्रेन नंबर 02185 रानी कमलापति से रीवा के बीच 2 और 3 मार्च को चलाई जाएगी, जो रात 10:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:30 बजे रीवा पहुंचेगी. इन ट्रेनों के स्टॉपेज भी वही रहेंगे.
इन स्टेशनों पर होगा स्पेशल ट्रेनों का स्टॉपेज
- इसके अलावा ट्रेन नंबर 01704 भोपाल से रीवा के बीच 5 मार्च को चलाई जाएगी. यह सुबह 10:30 बजे रवाना होकर रात 8:45 बजे रीवा पहुंचेगी.
- वहीं ट्रेन नंबर 01703 रीवा से भोपाल के बीच 5 मार्च को चलेगी, जो रात 10:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:05 बजे भोपाल पहुंचेगी. इन ट्रेनों का ठहराव भी सतना, मैहर, कटनी, मुड़वारा, दमोह, सागर, बिना और विदिशा स्टेशनों पर रहेगा.
रीवा रेलवे स्टेशन प्रबंधन के मुताबिक, होली जैसे बड़े त्योहारों पर रीवा-भोपाल रूट पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. यात्रियों को सुविधा देने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है.
ये भी पढे़ं- MP News: रेलवे संपत्ति चोरी मामले में बड़ा खुलासा, 37.40 लाख का सामान बरामद