MP News: 40 दिनों से लापता BJP विधायक प्रदीप पटेल आए सामने, MLA ने खुद बताया अब तक कहां थे
BJP विधायक प्रदीप पटेल 40 दिनों बाद सामने आए.
MP News: मध्य प्रदेश की मऊगंज विधानसभा सीट से लापता बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल 40 दिनों बाद सामने आ गए हैं. विधायक प्रदीप पटेल का पिछले 40 दिनों से ना तो सार्वजनिक रूप से सामने आए थे और ना ही उनकी कोई जानकारी मिल रही थी. लेकिन अब उन्होंने खुद सामने आकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है. विस्तार न्यूज़ के मध्य प्रदेश के ब्यूरो चीफ अंचल शुक्ला से बातचीत के दौरान विधायक ने खुद जानकारी दी कि वे अब तक कहां थे.
‘मैं भोपाल में ही रहकर काम कर रहा था’
विधायक प्रदीप पटेल ने कहा, ‘मैं लगातार भोपाल में था. मैंने स्टाफ को भी भोपाल में ही बुला लिया था. स्टाफ के पास जो भी काम आते थे, उनकी चिट्ठी बनती थी. यहां हमारा सेवा का काम चलता है. हमारे यहां सेवा का काम चलता है, हम निशुल्क लोगों की भोजन-पानी की व्यवस्था करवाते हैं. जो घटना हुई थी (विवाद के बारे में जिक्र करते हुए), मेरा फर्ज था कि मैं विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री को घटना के बारे में अवगत करवाऊं. मैं दोनों को पत्र लिखा.’
ये भी पढे़ं: MP News: वैलेंटाइन डे को लेकर हिंदू संगठनों ने खोला मोर्चा, पार्कों में लाठी-डंडे लेकर पहुंचे
‘टकराव हो सकता था, मैंने सभी को काम पर लगा दिया’
विधायक प्रदीप पटेल ने कहा कि वो टकराव की स्थति को रोकना चाहते थे, इसलिए सभी को समझाकर भोपाल आ गए. उन्होंने कहा, ‘जिस दिन घटना हुई, उसके दूसरे दिन घर पर समर्थकों की बड़ी भीड़ आ गई थी. मुझे लगा कि अगर ये सब चीजें हुईं, तो टकराव हो सकता है और टकराव की स्थिति सही नहीं है. मैंने सभी को बताया कि सभी लोग अपने-अपने काम को देखिए. इसके बाद मैं रीवा और फिर भोपाल आ गया. हम लोग शांतिपूर्ण तरीके से सभी काम करेंगे. हम लोग शासन और प्रशासन की मदद से जो भी उचित कार्रवाई होगी, वो करेंगे. इसलिए मैं भोपाल में था. जब मैंने सरकार को लिखकर दिया है. तो हमको सरकार पर भरोसा होना चाहिए. बार-बार मीडिया के सामने बोलना नहीं है. आज मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई पूरे विषय को उन्होंने समझा.’