MP News: राहुल गांधी के दौरे से पहले भोपाल में कांग्रेस का ‘मिशन भीड़’, जीतू पटवारी ने 17 हजार लोगों को बुलाने का टारगेट दिया

पटवारी ने ग्रामीण इकाइयों को भी जिम्मेदारी सौंपी. उन्होंने कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष को 5 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य दिया. इस गणित के आधार पर उन्होंने दावा किया कि कुल मिलाकर 17 हजार से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं.
Rahul Gandhi and Jitu Patwari.

राहुल गांधी और जीतू पटवारी.

MP News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित भोपाल दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस संगठन ने ताकत झोंक दी है. शहर में आयोजित बड़ी संगठनात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट लक्ष्य देते हुए भीड़ जुटाने का फार्मूला समझाया. उन्होंने कहा कि यदि भोपाल के 200 वार्ड से 100-100 कार्यकर्ता भी पहुंचते हैं तो केवल शहर से ही 10 हजार लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित हो सकती है.

पटवारी ने ग्रामीण इकाइयों को भी जिम्मेदारी सौंपी. उन्होंने कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष को 5 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य दिया. इस गणित के आधार पर उन्होंने दावा किया कि कुल मिलाकर 17 हजार से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं. बैठक में मौजूद पदाधिकारियों से कहा गया कि यह महज सभा नहीं, बल्कि संगठन की ताकत दिखाने का अवसर है.

‘कांग्रेस ने ईंट का जवाब पत्थर से दिया’

बैठक के दौरान पटवारी का अंदाज आक्रामक रहा. उन्होंने विरोधी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि पत्थरबाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पत्थर चलाए तो कांग्रेसियों ने भी ईंट का जवाब पत्थर से दिया. इस बयान पर बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रतिक्रिया दी.

संगठनात्मक अनुशासन को लेकर भी पटवारी सख्त नजर आए. बैठक के बीच एक कार्यकर्ता के मोबाइल चलाने पर उन्होंने उसे टोकते हुए कहा, ‘मोबाइल बाज, यह समझ ही नहीं रहा है, गंभीरता लेकर ही नहीं आ रहा है.’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह समय पूरी एकाग्रता और प्रतिबद्धता दिखाने का है.

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का किया जिक्र

बैठक में पटवारी ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का भी जिक्र किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से सवाल किया कि अमेरिका में जो सेक्स सीडी चल रही है, उसके बारे में किसको जानकारी है? इस पर आधे कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाए. पटवारी ने इसे राजनीतिक जागरूकता से जोड़ते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम की पूरी समझ होनी चाहिए, ताकि वे जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रख सकें.

ये भी पढे़ं: MP News: ग्वालियर से कांग्रेस नेता को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया, AI समिट में शर्टलेस प्रोटेस्ट में शामिल होने का आरोप

ज़रूर पढ़ें