गजब बेइज्जती है! बिजली विभाग ने काटा कनेक्शन, भड़के CMO ने ऑफिस के बाहर डलवा दिया 3 ट्रॉली कचरा
बिजली ऑफिस के बाहर डलवा दिया कचरा
मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ से ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया है. जो कोई भी इस घटना के बारे में सुनता तो हैरान रह जाता है. यहां बिजली काटने से नाराज नगरपालिका के अधिकारी ने विद्युत कार्यालय के गेट पर तीन ट्रॉली कचरा डलवा दिया. ये मामला सामने आने के बाद प्रशासन में हडकंप मच गया.
9,65,000 रुपये का बिजली बिल बकाया
दरअसल शाहगढ़ की नगर पालिका पर 9,65,000 रुपये का बिजली बिल बकाया है. विभाग द्वारा कई बार बिल जमा करने का नोटिस भी भेजा गया. लेकिन फिर भी बिल नहीं जमा किया गया था. इसके बाद बिजली विभाग ने स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन काट दिया. इससे सीएमओ साहब इतने नाराज हुए कि बिजली ऑफिस के बाहर 3 ट्रॉली कचरा डलवा दिया. यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
नगर परिषद को जारी किया नोटिस
विद्युत विभाग ने दो-तीन बार नगर परिषद को नोटिस जारी किए. इसके साथ ही फोन पर बाचतीच भी की गई लेकिन नगरपालिका द्वारा बिल जमा नहीं कराया गया. आखिरकार जब बिल जमा नहीं हुआ तो विभाग ने सभी स्ट्रीट लाइट्स का कनेक्शन काट दिया. कनेक्शन कट जाने के बाद रातभर लाइट बंद रही. सड़कों पर अंधेरा पसरा रहा.
कनेक्शन कटने के बाद अगली सुबह बिजली विभाग के मेन गेट के सामने तीन ट्रॉली कचरा डलवा दिया गया, जिससे आवाजाही बंद हो गई.
तहसीलदार ने सीएमओ को लगाई फटकार
जैसे ही इसकी सूचना तहसीलदार को मिली तो उन्होंने बिजली विभाग के रवि सोलंकी से बात चीत की. साथ ही उन्होंने नगरपालिका के सीएमओ को भी फटकार लगाई. दरअसल, मार्च की महीना होने की कारण बकाया राशि की वसूली जोर-शोर से चल रही है. कर्मचारी ज्यादा से ज्यादा वसूली के प्रयास किए जा रहे हैं. इसी वजह से नगर पालिका के पास लगातार बकाया बिल के नोटिस भेजे जा रहे थे.