MP News: न डीजे, न फालतू का खर्चा, बैलगाड़ी से बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, चर्चा का विषय बनी बालाघाट की ये शादी
अनोखी बारात
MP News: आपने अक्सर हाई-फाई शादियों के चर्चे सुने होंगे जिनमें नेताओं से लेकर बॉलीवुड के सितारे भी सामिल होते हैं. लेकिन आज हम आपको एक ऐसी शादी के बारे में बताने जा रहे है, जो इस समय चर्चा का विषय बनी हुई है. आजकल जहां शादियों में लोग लाखों रुपये खर्च कर देते हैं, विवाह में डिजे, लग्जरी गाड़ियों का चलन बढ़ता ही जा रहा है तो वही इस शादी की सादगी ने लोगों का दिल जीत लिया है.
सेलवा गांव की अनोखी बारात
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी तहसील के सेलवा गांव की इस बारात में ना शोर-शराबा था, ना महंगी गाड़ियों की लाइन बल्कि सादगी और परंपरा की खूबसूरती देखने को मिली. सेलवा गांव से दूल्हा अंकित देशमुख की बारात करीब 10 किलोमीटर दूर सीताखोह गांव तक पहुंची. इस दौरान बारात पूरी तरह पारंपरिक अंदाज में नजर आई. बैलगाड़ियों को बड़े ही सुंदर तरीके से सजाया गया था और बैलों को भी खास तौर पर तैयार किया गया था.
बारात देखने के लिए इकठ्ठा हो गए गांव के लोग
शाम के समय जब ये बारात निकली तो गांव के लोग सड़कों पर इकठ्ठा हो गए और इस नजारे को देखने लगे. दरअसल कई सालों पहले जब यातायात की सुविधा गांव-गांव तक नहीं पहुंची थी तब इसी तरह से लोग बैलगाड़ी और घोड़ागाड़ी से बारात ले जाया करते थे. इस बारात की सबसे खास बात रही इसका संगीत. जहां आमतौर पर तेज आवाज वाले डीजे का इस्तेमाल होता है, वहीं यहां बांसुरी और डपली की मधुर धुन सुनाई दी. इन पारंपरिक वाद्य यंत्रों की आवाज पर बाराती झूमते नजर आए.
बुजुर्गों को याद आ गया अपना दौर
गांव के बुजुर्गों ने बताया कि करीब 40 साल पहले उनकी बारात भी इसी तरह निकली थी. आज का यह दृश्य देखकर उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं. उन्होंने कहा कि ऐसी सादगी भरी शादियां न केवल खर्च कम करती हैं, बल्कि रिश्तों में अपनापन भी बढ़ाती हैं.
ये भी पढे़ं: MP महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा की बहू रुपाली बनीं महासचिव