MP Weather: कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे, किसानों के लिए बड़ा संकट; सागर में बिजली गिरने से एक की मौत
मऊगंज में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी.
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में शनिवार के बाद रविवार को भी एक बार फिर कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है. ग्वालियर, भिंड और मऊगंज समेत कई जिलों में बारिश देखने को मिली. इस दौरान कई जगहों पर जमकर ओले भी गिरे. बारिश से प्रदेश के तापमान में गिरावट हुई है. बारिश के कारण जहां एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर बारिश ने किसानों के लिए समस्या बढ़ा दी है.
सागर के केसली तहसील में में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक परिवार चपेट में आ गया. इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए.
गेहूं की फसल और किसानों की चिंता
रविवार को मौसम विभाग ने भोपाल-ग्वालियर और चंबल समेत 45 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया था. इनमें बैतूल, भिंड, ग्वालियर, मुरैना समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था. अनुमान के मुताबिक दिन से ही कई जगहों पर बारिश और ओलावृष्टि देखी गई. मऊगंज में बे मौसम रुक रुक कर हो रही बारिश है. वहीं ओले गिरने से किसानों को खेतों में फसलों को नुकसान हो रहा है.वहीं ग्वालियर में तो मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी. शनिवार से ही यहां तेज बारिश और जमकर ओले गिरे थे. रविवार को भी यहां मौसम ऐसा ही रहा. अगर भिंड की बात की जाए तो यहां पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश ने किसानों की नींद उड़ा दी है. हालांकि रविवार सुबह धूप निकलने से किसानों को राहत मिली थी, लेकिन दोपहर तक मौसम का मिजाज फिर बदल गया और यहां बारिश शुरू हो गई.
फसल कटाई के साथ आने वाली खुशी को बारिश के कारण ग्रहण लग गया है. किसानों के चहरे मायूस हो गए हैं. अगर कटाई के बाद खेतों से फसल हटाने के पहले ऐसे ही बारिश होती रही तो किसानों के लिए इस बार बड़ा संकट खड़ा हो सकता है.
MP में आंधी-बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव
मध्य प्रदेश में इस समय आंधी औ बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है. साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम एक्टिव होने से यहां बेमौसम बारिश देखी जा रही है. इसका असर प्रदेश के ग्वालियर, सनता, रीवा, दतिया, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, छिंदवाड़ा, खंडवा समेत अन्य कई जिलों में देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने यहां अगले 24 घंटे में वेदर सिस्टम के कारण बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है.
सरकार बोली- किसानों को हक मिलेगा
वहीं बेमौसम बारिश के कारण किसानों को हो रहे नुकसान पर सरकार का कहन है कि किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है. मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने कहा है कि सरकार किसानों के लिए संवेदनशील है. अगर प्राकृतिक आपदा के कारण कोई समस्या होती है तो उसका समाधान किया जाएगा. ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर को निर्देश दिया हुआ है कि मौके पर जाएं और जो भी जरूरी कदम हो उसे उठाएं. किसान सरकार की प्राथमिकता हैं और किसानों को उनका हक मिलेगा.