‘पत्नी को तलाक देकर मुझसे शादी करो’, टीचर ने फांसी लगाकर जान दी, परिजन बोले- प्रेमिका के दबाव में जान दे दी
तरुण और उसकी पत्नी राइमा(File Photo)
Bihar News: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक टीचर ने फांसी लगाकर जान दे दी. बीपीएससी टीचर तरुण कुमार के परिजनों ने प्रेमिका पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि गर्लफ्रेंड बेटे पर पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी. गर्लफ्रेंड कहती थी कि पत्नी को छोड़कर मुझसे शादी कर लो. लेकिन बेटा तैयार नहीं था. प्रेमिका के कारण तरुण लगातार तनाव में था, जिससे तंग आकर उसने जान दे दी.
‘मैं सौतन बनकर नहीं रह सकती हूं’
मामले में तरुण उसकी पत्नी राइमा प्रसाद और प्रेमिका के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो भी सामने आया है. इसमें प्रेमिका तरुण की पत्नी राइमा से कहती है कि तुम तरुण को तलाक दे दो. जिस पर राइमा कहती है कि मैं तरुण को तलाक नहीं दे सकती हूं.
वहीं तरुण और गर्लफ्रेंड के बीच का ऑडियो भी सामने आया है. इसमें तरुण कहता है कि हम तीनों लोग एकसाथ रह लेंगे. जिसके जवाब में गर्लफ्रेंड कहती है कि मैं सौतन बनकर नहीं रह सकती हूं.
समझाने के बाद भी नहीं मानी गर्लफ्रेंड
वहीं तरुण के पिता अभिनय कुमार ने बताया कि गर्लफ्रेंड कई दिनों से तरुण को परेशान कर रही थी. काफी समझाने के बावजूद नहीं मानी. पत्नी ने भी समझाने की कोशिश की, लेकिन वो मानने को तैयार नहीं थी. जिसके कारण तरुण ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी.
9 साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक तरुण और राइमा की 9 साल पहले शादी हुई थी. दोनों सरकारी टीचर थे. दोनों के 6 महीने पहले ही एक बेटे का भी जन्म हुआ था. राइमा जहां पढ़ाती थी, वहीं पर एक महिला टीचर थी. जिससे तरुण की जान पहचान हुई थी. जिसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी और उनके बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि प्रेमिका तरुण से पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रहा थी, जबकि तरुण चाहता था कि तीनों एक साथ रहें.
पुलिस ने दर्ज की FIR
वहीं परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया. पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है. जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.