WhatsApp यूजर्स के लिए खुशखबरी, अब यूट्यूब की तरह चैनल बनाकर कमा सकेंगे पैसे! आ गया नया फीचर
व्हाट्सएप न्यू फीचर
WhatsApp New Feature: व्हाट्सएप के करोड़ों यूजर्स के लिए एक खुशखबरी सामने आई है. अभी तक जहां लोग यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक से पैसा कमाते थे, वहीं अब यूजर्स व्हाट्सएप से भी कमाई कर सकेंगे. इसके लिए व्हाट्सएप एक खास फीचर लाने की तैयारी कर रहा है. इस नए फीचर के तहत यूजर्स यूट्यूब की तरह व्हाट्सएप चैनल बनाकर मोटी रकम कमा सकेंगे. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फीचर के लागू होने के बाद यूजर्स अपने व्हाट्सएप चैनल को मॉनेटाइज कर पाएंगे. इसमें जो यूजर्स सब्सक्रिप्शन फीस देंगे, उन्हें एक्सक्लूसिव कंटेंट का एक्सेस मिलेगा. ऐसे में आइए जानते हैं कि यह नया फीचर कैसे काम करेगा और व्हाट्सएप पर चैनल बनाकर कैसे कमाई की जा सकती है.
नया फीचर कैसे काम करेगा?
अभी व्हाट्सएप पर चैनल का ऑप्शन देखने को मिलता है, जिसमें यूजर्स बिना किसी पैसे या सब्सक्रिप्शन के अपने मनपसंद चैनल को फॉलो कर सकते हैं और उसके कंटेंट को बिल्कुल फ्री में एक्सेस कर सकते हैं. लेकिन व्हाट्सएप पर नया फीचर आने के बाद यह बदल जाएगा और सब्सक्रिप्शन फीस का ऑप्शन जुड़ जाएगा. इसके बाद यूजर्स को अपने फेवरेट चैनल को फॉलो या जॉइन करने के लिए सब्सक्रिप्शन लेना होगा. साथ ही नए फीचर में यूजर्स यह भी देख सकेंगे कि किसी चैनल के कितने पेड सब्सक्राइबर हैं. इससे यूजर्स को इस बात का अंदाजा लग सकेगा कि यह चैनल उनके कितने काम का है और इस चैनल को पैसा देकर जॉइन करना सही होगा या नहीं.
पूरी तरह ऑप्शनल होगा चैनल सब्सक्राइब करना
यह नया फीचर आने के बाद किसी चैनल को सब्सक्राइब करने का ऑप्शन मिलेगा. इसका मतलब है कि अगर कोई चैनल पैसे लेकर अपनी सर्विस दे रहा है, तब भी आपको उसे पैसे देना ज़रूरी नहीं है. आप उसका फ्री कंटेंट पहले की तरह बिना किसी खर्च के देख सकेंगे. साथ ही क्रिएटर्स लिए भी कुछ नियम होंगे. उन्हें अपने फ्री और पेड दोनों तरह के कंटेंट के लिए व्हाट्सएप की गाइडलाइंस और शर्तों का पूरी तरह पालन करना होगा.
WhatsApp Channel कैसे बनाएं?
- व्हाट्सएप चैनल बनाना बहुत सरल है और एंड्रॉइड या आईफोन दोनों पर इसका तरीका एक ही जैसा है.
- सबसे पहले अपना व्हाट्सएप खोलें और ‘अपडेट्स’ (Updates) या चैनल वाले हिस्से में जाएं.
- वहां चैनलों की लिस्ट के पास आपको ‘चैनल बनाएं’ (Create Channel) का ऑप्शन दिखेगा उस पर क्लिक करें.
- इसके बाद व्हाट्सएप आपको कुछ जरूरी नियम दिखाएगा, उन्हें पढ़कर ‘आगे बढ़ें’ (Continue) पर टैप करें.
- अब अगले पेज पर अपने चैनल का एक अच्छा सा नाम रखें और उसके बारे में थोड़ी जानकारी (Description) लिखें.
- आप चाहें तो अपने चैनल के लिए एक फोटो या लोगो (Icon) भी लगा सकते हैं.
- सारी जानकारी भरने के बाद ‘डन’ (Done) या ‘चैनल बनाएं’ पर क्लिक करते ही आपका चैनल तैयार हो जाएगा.