UP के रामपुर में ‘बंटी-बबली’ गिरफ्तार; पत्नी ने फंसाने के लिए आरोप लगाया, पति ने पुलिस की वर्दी पहनकर 5 लाख वसूले

महिला ने बताया था कि उसके परिवार को केस में फंसाने के नाम पर साढ़े 5 लाख रुपये वसूले गए हैं. जिसके बाद पुलिस ने मामले में टीम बनाई थी.
The police arrested a husband and wife who cheated people by implicating them in false cases in Rampur.

रामपुर में झूठे केस में फंसाकर ठगी करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया.

UP News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में पति-पत्नी ने मिलकर एक दम फिल्मी अंदाज में ठगी को अंजाम दिया. पति-पत्नी दोनों मिलकर ‘बंटी-बबली’ का खेल खेलते थे. पहले पत्नी लोगों पर आरोप लगाती थी और उन्हें जेल भेजने की धमकी देती थी. जिसके बाद पति पुलिस की वर्दी पहनकर आता था और नकली पुलिस वाला बनकर पैसे वसूलता था. आरोपी पति-पत्नी ने 4 लोगों को NDPS एक्ट में बचाने के नाम पर लगभग साढ़े 5 लाख की ठगी कर ली.

’10 लाख दो नहीं तो पूरा परिवार जेल जाएगा’

पूरा मामला रामपुर जिले से जुड़ा है. यहां पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तहत कार्रवाई की थी. इन चार लोगों में मुन्ना नाम का एक व्यक्ति भी थी. पुलिस मुन्ना को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी. इसकी जानकारी शातिर फरहान को थी. फरहान ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर प्लान बनाया. इसके बाद फरहान की पत्नी ने मुन्ना के परिवार वालों सें संपर्क किया. इसके बाद फहरान की पत्नी ने परिजनों से कहा कि अगर तुम लोग बचना चाहते हो तो 10 लाख दे दो. तुम लोग भी जेल जाने से बच जाओगे और बाकी लोगों पर भी बचा लिया जाएगा. इसके बाद फरहान खुद भी पुलिस की वर्दी पहनकर पहुंच गया. डरकर परिजनों ने साढ़े 5 लाख रुपये दे भी दिए.

शक के आधार पर की पुलिस से शिकायत

वहीं साढ़े 5 लाख रुपये देने के बाद परिवार वालों को शक हुआ कहीं वो ठगी का शिकार तो नहीं हुए हैं. इसके बाद उन्होंने हिम्मत जुटाई और फिर थाने पहुंचकर इसको लेकर शिकायत की. तब पता चला कि जिनको उन्होंने पैसा दिया वो असली पुलिस नहीं बल्कि जालसाज थे.

4 लाख 57 हजार बरामद किए

पूरे मामले पर जानकारी देते हुए SP सोमेंद्र मीना ने बताया कि एक महिला ने पुलिस से शिकायत की थी. महिला ने बताया था कि उसके परिवार को केस में फंसाने के नाम पर साढ़े 5 लाख रुपये वसूले गए हैं. जिसके बाद मामले में टीम बनाई गई. जब पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो मामले में परत दर परत खुलती चली गई. पुलिस ने बताया कि फरहान इस वसूली गैंग का सरगना है. फरहान खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिस अधिकारी बताता था और अपनी पत्नी के साथ मिलकर लोगों को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर वसूली करता था. दोनों पति-पत्नी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों के पास से ठगी के 4 लाख 57 हजार कैश और पुलिस की वर्दी समेत अन्य सामान बरामद कर लिया गया है.

ये भी पढे़ं: महिला आरक्षण विधेयक के लिए बीजेपी की बड़ी तैयारी, आज से बूथ स्‍तर पर उतरेगी पार्टी की ‘महिला ब्रिगेड’

ज़रूर पढ़ें