‘पत्नी के लिए लेनी है अंगूठी…’, ग्राहक बनकर पहुंचा लुटेरा, 7 अंगूठियां पहनी और आंखों में स्प्रे मारकर फरार, Video
नोयडा में आंखों में स्प्रे डालकर लुटेरा फरार
Noida: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के कस्बा कासना में एक बदमाश ने ज्वेलर्स की आंखों में मिर्ची स्प्रे कर सोने की 7 अंगूठी लूटकर फरार हो गया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कर ली है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश की जा रही है. जल्द ही गिरफ्तारी के साथ इस घटना का खुसाला किया जाएगा. जानिए क्या है पूरा मामला?
ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के कस्बे की कालीचरण मार्केट में शगुन ज्वेलर्स नाम की एक दुकान पर 12 अप्रैल को एक लुटेरा ग्राहक बनकर पहुंचा. इस दौरान उसने ज्वेलरी शॉप पर बैठे हेमपाल वर्मा से लेडीज अंगूठी दिखाने को कहा. लुटेरे ने कहा कि उसे अपनी पत्नी के लिए अंगूठी चाहिए. ग्राहक बनकर पहुंचे लुटेरे को हेमपाल समझ नहीं पाए और उन्होंने उसे लेडीज अंगूठी दिखा दिया.
उत्तर प्रदेश : ग्रेटर नोएडा के कस्बा कासना में एक बदमाश ज्वेलर्स की आंखों में मिर्ची स्प्रे करके सोने की 7 अंगूठी लूटकर ले गया !! pic.twitter.com/vQwrbGZogC
— Sachin Gupta (@Sachingupta) April 15, 2026
आंखों में स्प्रे डालकर फरार
जब काफी देर तक ग्राहक ने अपने हाथों से अंगूठी नहीं उतारी तो दुकानदार ने उसे अंगूठी उतारने के लिए कहा. इस दौरान लुटेरे ने अपनी पत्नी को फोटो भेजने की बात कही. कुछ देर तक अंगूठी पहने बैठा रहा और फिर अचानक से आंखों में स्प्रे डालकर फरार हो गया. लुटेरे का काफी देर तक पीछा किया गया, लेकिन इस दौरान वह फरार हो गया.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस से की है. पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि लुटेरे का आसानी से पता लगाया जा सके. सीसीटीवी फुटेज में भी साफ दिखाई दे रहा है कि लुटेरे ने आंखों में स्प्रे डाला और फिर अंगूठी लेकर फरार हो गया. फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.