सिंहस्थ से पहले उज्जैन पुलिस को गुड बिहेवियर की ट्रेनिंग; 117 अधिकारी बनेंगे मास्टर ट्रेनर
सिंहस्थ कुंभ 2028 के लिए उज्जैन में पुलिस अधिकारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है.
Police Training For Ujjain Simhastha: उज्जैन में होने वाले कुंभ सिंहस्थ 2028 को लेकर तैयारियां जोर-शोर से हैं. सिंहस्थ की तैयारी में सबसे अहम कड़ी पुलिस है. पुलिस को ही सुरक्षा व्यवस्था देखनी है और ऐसी परिस्थितियां बनानी हैं, जहां श्रद्धालु एक अच्छे वातावरण में रहें और खुद को सुरक्षित महसूस करें. लेकिन इसके लिए जरूरी है कि पुलिस की कार्यशैली भी अच्छी रहे और आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुलिस का व्यवहार भी अच्छा रहे. इसी के तहत सिंहस्थ से पहले पुलिस अधिकारियों को 21 दिनों की ट्रेनिंग दी जा रही है.
दो सत्रों में होगी पुलिस अधिकारियों की ट्रेनिंग
उज्जैन में 22 अप्रैल से शुरू हुई पुलिस की ट्रेनिंग दो सत्रों में होगी. पहले सत्र में थ्योरी और दूसरे सत्र में फील्ड पर ले जाकर ट्रेनिंग दी जाएगी. ये ट्रेनिंग 21 दिनों तक चलेगी. पुलिस लाइन के कम्युनिटी हॉल में इस ट्रेनिंग का आयोजन किया गया है. इसमें कुल 41 बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी. इसमें क्राउड मैनेजमेंट, लंबे समय तक तनावरहित रहते हुए काम करने, श्रद्धालुओं से अच्छा व्यवहार करने जैसी महत्वपूर्ण चीजें शामिल हैं. ट्रेनिंग के दौरान 117 पुलिस अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर के तौर पर पहचान मिलेगी. फिर यही मास्टर ट्रेनर प्रदेश भर के विभिन्न जिलों में पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देंगे, जिन्हें बाद में सिंहस्थ के दौरान ड्यूटी पर उज्जैन में लगाया जाएगा.
पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों के लिए 750 करोड़ मंजूर
इसके पहले डीजीपी सिंहस्थ की ट्रेनिंग के लिए 22 अप्रैल को डीजपी कैलाश मकवाना उज्जैन पहुंचे थे. 22 अप्रैल को डीजीपी ने ट्रेनिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस दौरान डीजीपी ने कहा था कि सिंहस्थ को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी. पुलिस हाउसिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों की डीपीआर के लिए 750 करोड़ रुपये की मंजूरी पहले ही हो चुकी है.
ये भी पढे़ं: आवारा कुत्ते ने काटा, अब महिला लोगों को काटने दौड़ रही, निकालती है अजीब आवाजें; पानी देखकर भागती है दूर