विंध्य को मिली बड़ी सौगात: रीवा में लगेगा देश का पहला प्राइवेट न्यूक्लियर प्लांट, युवाओं को मिलेगा रोजगार

Tata Energy: रीवा में टाटा अपना निजी न्यूक्लियर प्लांट सिरमौर तहसील के क्योंटी के पास रोझौंहीं में बनाएगा. युवाओं में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.
Tata Energy Plant in Rewa

देश का पहला प्राइवेट न्यूक्लियर प्लांट रीवा में लगेगा.

Rewa News: रीवा वालों के लिए बड़ी खबर है. टाटा एनर्जी ने यहां 28 हजार करोड़ से न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाने की तैयारी की है. यह देश का पहला निजी न्यूक्लियर प्लांट होगा. यानी अब रीवा संभाग बिजली उत्पादन का हब बनने की कगार पर है. पहले से ही रीवा में 750 मेगावॉट का सोलर पावर प्लांट है. यहां जानें न्यूक्लियर प्लांट से जुड़ी हर जानकारी.

अब तक ऐसे पावर प्लांट सरकार चलाती हैं, लेकिन अब निजी क्षेत्र में भी रिलायंस, अदानी व टाटा ग्रुप ने कदम रखे हैं. टाटा अपना निजी न्यूक्लियर प्लांट सिरमौर तहसील के क्योंटी के पास रोझौंहीं में बनाएगा. रोझौंहीं में पहले सोलर प्लांट बनना था, लेकिन वन भूमि की वजह से जमीन की एनओसी नहीं मिल पाई थी. अब न्यूक्लियर प्लांट लगाने की अनुमति मिल गई है. रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने बताया कि इस परियोजना के लिए टाटा एनर्जी को जमीन उपलब्ध कराई गई है.

प्रशासन का मिलेगा पूरा सहयोग

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि यह न्यूक्लियर प्लांट पथरीली-बंजर जमीन पर लगेगा. टाटा एनर्जी को जमीनें उपलब्ध कराई गई हैं. निजी जमीनों को टाटा एनर्जी स्वयं प्राप्त करेगी. इसके लिए प्रशासन का पूरा सहयोग प्राप्त रहेगा. इससे पहले भी रीवा में एशिया का सबसे बड़ा पावर प्लांट लगाया गया है. अब न्यूक्लियर प्लांट लगने के बाद रीवा बिजली उत्पादन का हब बन जाएगा.

ये भी पढे़ंः खाट पर सिस्टम! सतना में बेपटरी स्वास्थ्य व्यवस्था, एंबुलेंस को ही इलाज की जरूरत

युवाओं को रोजगार के अवसर

कमिश्नर बीएस जामोद ने बताया कि मप्र औद्योगिक विकास प्राधिकरण टाटा न्यूक्लियर प्लांट के लिए 169 हेक्टेयर जमीन आवंटित करेगा. करीब 5 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे. यानी यह युवाओं के लिए भी काफी मददगार रहने वाला है. इसके साथ ही अब न्यूक्लियर पावर प्लांट से विंध्य क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी.

ज़रूर पढ़ें