Jabalpur Cruise Incident: SDRF की 18 मोटरबोट में चालू सिर्फ 9, रेस्क्यू में आ रही बाधा, हादसे के बाद 4 लोग अब भी लापता

Jabalpur Cruise Incident: जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसें में 9 लोगों की जान चली गई है. अभी भी रेस्क्यू जारी है. हालांकि शवों की तलाश के दौरान कई जरूरी उपकरणों की कमी महसूस हुई.
Jabalpur Cruise Incident

जबलपुर बरगी डैम हादसा

Jabalpur Cruise Incident: जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसें में 9 लोगों की जान चली गई है. गुरुवार शाम हुए इस हादसे ने पूरे देश को झकझोरकर रख दिया. स्टेट डिसास्टर रिस्पांस फोर्स यानि एसडीआरएफ जबलपुर के जवान अब भी रेस्क्यू में जुटे हुए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक अब भी चार लोग लापता है जिनकी तलाश अब गहरे पानी में की जा रही है. नेशनल डिसास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) के साथ संयुक्त अभियान भी चलाया गया. हालांकि शवों की तलाश के दौरान कई जरूरी उपकरणों की कमी महसूस हुई.

रेस्क्यू के दौरान अपर्याप्त रहें संसाधन

घटनास्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, क्रूज तक पहुंचने और उसकी गहन तलाशी के लिए संसाधन अपर्याप्त रहें. जांच में ये भी सामने आया कि जिले की एसडीआएफ की टीम में उपकरणों की कमी से ज्यादा प्रशिक्षित जवानों की कमी हैं. आपको हैरानी तो तब होगी जब जबलपुर जैसे बड़े जिले में जहां की आबादी 25 लाख है, 100 से अधिक एसडीआरएफ जवानों की जरूरत है तो वहीं केवल 10 से 12 जवान ही तैनात हैं.

18 मोटरबोट में से 9 ही चालू

जिले में एसडीआरएफ के पास मौजूद मोटरबोट और बोट की स्थिति भी चिंताजनक है. एसडीआरएफ के पास कुल 17 बोट है जिसमें से 7 ही चालू है. वहीं टीम के पास 18 मोटरबोट मशीन दर्ज हैं लेकिन चालू सिर्फ 9 हैं. स्टोर प्रभारी एएसआई रामजी चौधरी का कहना है कि विभाग के पास लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग, टॉर्च, रेस्क्यू उपकरण, ऑक्सीजन सिलेंडर, सर्च लाइट, स्ट्रेचर, इलेक्ट्रॉनिक ड्रिल मशीन सहित करीब 500 से अधिक उपकरण उपलब्ध हैं.

शुरू में जबलपुर की टीम ने संभाला मोर्चा

गुरुवार की शाम जैसे ही क्रूज डूबा 12 जवानों की टीम तीन मोटरबोट और एक दर्जन से अधिक उपकरणों के साथ जिले की टीम मौके पर भेजी गई. लेकिन इतना पर्याप्त नहीं था. बाद में नरसिंहपुर, मंडला, कटनी और सिवनी से भी एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और शवों की तलाश में जुटीं.

ज़रूर पढ़ें